outsourced employees: आउटसोर्स कर्मचारियों को 10 माह से नहीं मिला वेतन

कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर की शिकायत

outsourced employees: बैतूल। शासकीय कन्या महाविद्यालय सारनी में पदस्थ आउटसोर्स कर्मचारियों को विगत 10 माह से मानदेय नहीं मिला है। परेशान कर्मचारियों ने सोमवार 5 फरवरी को कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन के माध्यम से अपनी पीड़ा व्यक्त की है।

कलेक्टर को प्रेषित ज्ञापन में आउटसोर्स कर्मचारियों ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग द्वारा छात्रावास भवन में कन्या छात्रावास के संचालन का आदेश किया गया था। आदेश अनुसार सभी कर्मचारियों की नियुक्ति आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में हुई थी।कर्मचारियों ने बताया कि नियुक्ति दिनांक के बाद से ही वह सभी संस्था संस्था के कार्य को पूरी ईमानदारी से कर रहे हैं। विगत 10 माह से मानदेय नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक संकट से जूझना पड़ रहा है।

इस संबंध में जब उन्होंने बजट शाखा में पदस्थ अधिकारी पूर्णिमा लोधवाल से चर्चा की तो उन्होंने स्पष्ट कहा है कि आपका पद स्वीकृत नहीं है जिस कारण बजट पास नहीं किया जा सकता है। कर्मचारियों का कहना है कि इस संबंध में उन्हें आज तक संस्था प्रमुख द्वारा कोई जानकारी नहीं दी गई है। कर्मचारियों का कहना है कि पूर्व में भी उन्होंने मानदेय से संबंधित एक आवेदन कलेक्टर को सौंपा था लेकिन आज तक उनकी समस्या का निराकरण नहीं हुआ है। कर्मचारियों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि मानदेय नहीं मिलने के चलते उनकी आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है, परिवार का भरण पोषण करना नामुमकिन हो गया है। कर्ज लेकर जीवन यापन करने के लिए मजबूर है।

— अब तक प्रारंभ नहीं हुआ छात्रावास —

इसके साथ ही इन कर्मचारियों ने बताया कि कन्या छात्रावास में लगभग 35 छात्राओं ने प्रवेश के लिए आवेदन किया है, लेकिन अभी तक छात्रावास भी प्रारंभ नहीं हुआ है जिससे छात्राओं को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

आउटसोर्स कर्मचारियों ने कलेक्टर से मांग की है कि विगत 10 माह से कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारी के पद स्वीकृत कर बजट शाखा से बजट आवंटन कर कर्मचारियों को मानदेय दिया जाए, वहीं छात्रावास प्रारंभ करने की कार्यवाही की जाए ताकि दूर दराज से महाविद्यालय आने वाली छात्रों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। ज्ञापन सौंपने वालों में आउटसोर्स कर्मचारी अरविंद घोडाले, सुभाष यादव, सोम बिनोके, सुरेश बोसाम, मिथुन कहार, कमलेश कहार, हॉस्टल मैनेजर काशी सेवरिया आदि कर्मचारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button