शासकीय स्कूल उमरिया के छात्रों ने इंजीनियरिंग कॉलेज का किया शैक्षणिक भ्रमण

तकनीकी शिक्षा को करीब से समझा, करियर को लेकर मिली नई दिशा

बैतूल। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उमरिया, विकासखंड आमला के नवमीं एवं ग्यारहवीं कक्षा के आईटी विषय के विद्यार्थियों ने श्री बालाजी इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी मैनेजमेंट शिक्षण संस्थान का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा, इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों और आधुनिक शैक्षणिक वातावरण की प्रत्यक्ष जानकारी देना रहा।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को संस्थान के विभिन्न विभागों, प्रयोगशालाओं, कक्षाओं और तकनीकी संसाधनों का अवलोकन कराया गया। छात्रों ने इंजीनियरिंग से जुड़ी पढ़ाई, कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी के उपयोग, साथ ही भविष्य में उपलब्ध करियर अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।

विद्यालय के शिक्षक गौरव मन्यासे ने बताया कि इंजीनियरिंग कॉलेज के इस शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरणा मिली है। उन्होंने कहा कि इस तरह के भ्रमण से छात्रों में तकनीकी विषयों के प्रति रुचि बढ़ती है और वे अपने भविष्य की पढ़ाई को लेकर बेहतर निर्णय ले पाते हैं।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया और कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण को करीब से समझा। यह शैक्षणिक भ्रमण छात्रों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button