सेलगांव अग्निकांड पीड़ित परिवार को साहू समाज ने दिया सहारा 

दुख की घड़ी में 1.50 लाख की सहायता सौंपकर बढ़ाया हौसला

बैतूल। सेलगांव ग्राम में विगत दिनों हुई हृदय विदारक आगजनी की घटना ने साहू समाज के सामाजिक बंधु चिंध्या उदयपुरे की पूरी दुनिया उजाड़ दी थी। इस आगजनी में उनका मकान, दुकान, कपड़े और घरेलू उपयोग का सारा सामान जलकर राख हो गया था। अचानक आए इस संकट ने परिवार को पूरी तरह बेसहारा कर दिया। ऐसे कठिन समय में क्षेत्रीय श्री बाथरी साहू समाज के 52 ग्रामों के सामाजिक बंधु मदद के लिए आगे आए और मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया।

साहू समाज के 12 सेक्टरों के अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामों से आर्थिक सहायता एकत्र की गई, जो पीड़ित परिवार के लिए मजबूत सहारा बनी। आर्थिक सहयोग के साथ-साथ सामाजिक बंधुओं ने पीड़ित परिवार का ढांढस बंधाया और समाज की एकजुटता का प्रमाण प्रस्तुत किया। आज क्षेत्रीय साहू समाज के सभी ग्रामों से प्राप्त सहायता राशि पीड़ित परिवार को विधिवत रूप से सौंप दी गई।

इस अवसर पर क्षेत्रीय साहू समाज के अध्यक्ष रामप्रसाद लहरपुरे ने कहा कि पीड़ित परिवार की सहायता के लिए समाज के सभी सेक्टरों और ग्रामों से सराहनीय योगदान प्राप्त हुआ है, जो सामाजिक एकता और भाईचारे का उदाहरण है। उन्होंने बताया कि विभिन्न सेक्टर ग्रामों से प्राप्त अनुमानित कुल सहायता राशि 1.50 लाख रुपये आज पीड़ित परिवार को सौंपी गई है। कुछ सेक्टर समितियों की सहायता राशि अभी प्राप्त होना शेष है, जिसे संबंधित सेक्टर समिति द्वारा शीघ्र ही परिवार तक पहुंचाया जाएगा।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय श्री बाथरी साहू समाज के सभी पदाधिकारी, सभी सेक्टर अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु उपस्थित रहे। आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने पर सेलगांव सेक्टर समिति द्वारा पीड़ित परिवार की ओर से सभी सहयोगी सामाजिक बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button