Consensus reached on Dada Dham Express: दादा धाम एक्सप्रेस को दोबारा शुरू करने की केंद्रीय मंत्री की मांग पर एकजुट हुए सभी सांसद
रेल सुविधाओं को लेकर नागपुर रेल मंडल के डीआरएम कार्यालय में हुई बैठक

भाजपा जिला सह-कोषाध्यक्ष दीपक सलूजा को केंद्रीय मंत्री ने अपने प्रतिनिधि के रूप में भेजा
बैतूल। नागपुर रेल मंडल के डीआरएम कार्यालय के समाधान कक्ष में गुरुवार 23 मई को हुई महत्वपूर्ण बैठक में केंद्रीय मंत्री व बैतूल सांसद दुर्गादास उइके की ओर से भारतीय जनता पार्टी के जिला सह-कोषाध्यक्ष दीपक सलूजा को केंद्रीय मंत्री ने अपना प्रतिनिधि बनाकर भेजा। यह बैठक नागपुर-भुसावल रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले सांसदों की उपस्थिति में संपन्न हुई, जिसमें सभी सांसदों ने नागपुर-भुसावल दादा धाम एक्सप्रेस को पुनः प्रारंभ करने की मांग का पुरजोर समर्थन किया।
बैठक में दीपक सलूजा द्वारा पश्चिम-मध्य रेलवे के महाप्रबंधक धर्मवीर मीणा को 20 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया, जिसमें बैतूल व आसपास के क्षेत्र की रेल समस्याओं और अपेक्षित सुधारों का उल्लेख किया गया था। बैठक में विशेष रूप से यह कहा गया कि दादा धाम एक्सप्रेस के बंद होने से खंडवा जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, अतः इसे शीघ्र पुनः प्रारंभ किया जाये।
मांग पत्र में उल्लेख किया गया कि 12159-12160 अमरावती-जबलपुर एक्सप्रेस का ठहराव मुलताई एवं घोड़ाडोंगरी स्टेशन पर किया जाये ताकि यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिल सके। सदर स्थित बंद रेलवे गेट पर अंडरब्रिज के निर्माण की स्थिति से भी मंत्री को अवगत कराने का आग्रह किया गया। बैतूल-गंज अंडरब्रिज की जर्जर स्थिति पर चिंता जताते हुए उसके शीघ्र मरम्मत की आवश्यकता बताई गई। मरामझिरी में गुड्स शेड के निर्माण की वर्तमान स्थिति और अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना की धीमी प्रगति पर भी ध्यान आकर्षित किया गया।
– जिले की सभी मेमू ट्रेनों का परिचालन बैतूल से किया जाए
बैठक में कहा गया कि डेडिकेटेड गुड्स कॉरिडोर का नक्शा केंद्रीय मंत्री डीडी उइके को उपलब्ध कराया जाए। जिले की सभी मेमू ट्रेनों का परिचालन बैतूल से किया जाये और स्टेशन पर बंद पड़ी लिफ्ट का रख-रखाव दुरुस्त किया जाए। बैतूल में तीसरी लाइन के कारण सदर ओवरब्रिज को संभावित नुकसान की स्थिति में वैकल्पिक मल्टीलेवल फ्लाईओवर बनाए जाने की मांग की गई। तीसरी लाइन का नक्शा भी मंत्री श्री उइके को देने का सुझाव दिया गया।
रामनगर तक पहुंचने के लिए बैतूल आरपीएफ चौकी से फुट ओवर ब्रिज बनाए जाने की आवश्यकता बताई गई। साथ ही यह भी मांग की गई कि रेलवे कोर्ट की स्थापना बैतूल में की जाए। पेंचवली एक्सप्रेस का बरबटपुर में ठहराव कोरोना के कारण बंद किया गया था, जिसे पुनः शुरू करने की बात रखी गई। हिमसागर एक्सप्रेस और मदुरै-देहरादून एक्सप्रेस (12688-12687) का ठहराव बैतूल स्टेशन पर करने की मांग की गई।
– भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर ही अंडरब्रिज का हो निर्माण
नागपुर-इंदौर त्रिशताब्दी एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने की आवश्यकता जताई गई। आमला स्टेशन से सुबह 8 बजे छिंदवाड़ा लाइन पर चलने वाली मेमू ट्रेन और जीटी एक्सप्रेस के समय में समन्वय की मांग भी की गई, ताकि लेट होने पर भी यात्रियों को दूसरी ट्रेन मिल सके।
फेट कॉरिडोर का नक्शा भी मंत्री डीडी उइके को उपलब्ध कराने की बात रखी गई। आमला में रमली-नांदपुर को जोड़ने वाले प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत बने मार्ग में रेलवे डेम के कारण पुल निर्माण की आवश्यकता बताई गई। अंत में यह भी कहा गया कि भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर ही अंडरब्रिज का निर्माण हो, ताकि आने वाले वर्षों में यातायात बाधित न हो। दीपक सलूजा ने यह मांग की कि उपरोक्त सभी बिंदुओं पर तत्काल कार्यवाही कर माननीय केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके को सूचित किया जाए।




