Raid on illegal furniture mart: कुही गांव में अवैध फर्नीचर मार्ट पर छापा, मशीनें और सागौन जब्त

बैतूल। उत्तर वन मंडल की रानीपुर रेंज में फ्लाइंग स्कॉट ने कुही गांव में चल रहे एक अवैध फर्नीचर मार्ट पर छापा मारकर उसे सील कर दिया है। यहां से कई फर्नीचर बनाने की मशीनें और अवैध सागौन की लकड़ी जब्त की गई है। सीसीएफ पीके मिश्रा को मिली जानकारी के आधार पर उन्होंने फ्लाइंग स्कॉट को कार्रवाई के लिए भेजा। रानीपुर रेंज के कुही गांव में फर्नीचर निर्माण करते हुए टीम ने एक व्यक्ति को पकड़कर कई मशीनें जब्त की। यह मार्ट लंबे समय से अवैध रूप से फर्नीचर निर्माण में संलिप्त था। स्थानीय अमले की निष्क्रियता के कारण सीसीएफ को फ्लाइंग स्कॉट भेजना पड़ा।फ्लाइंग स्कॉट के एसडीओ जय धारवे ने बताया कि कार्रवाई के दौरान लगभग 0.700 घन मीटर सागौन की लकड़ी मिली, जिसकी अनुमानित कीमत हजारों रुपये में है। मौके से रिंदा मशीन, एक हॉर्स पावर की मोटर और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं।पकड़े गए युवक शुभम पर वन संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। यह फर्नीचर मार्ट रानीपुर में स्वीकृत था, लेकिन संचालक ने चार किमी दूर कुही गांव में फर्नीचर निर्माण का काम किया। कार्रवाई में उप वन क्षेत्रपाल फिरोज खान, वन रक्षक अशोक गढेकर, संजय मालवीय, जयराम टेकाम, राजेश काले, कैलाश बार्सकर, स्थाई कर्मी लल्लू पवार और रफीक खान शामिल थे। टीम ने दुकान को सील कर उपकरण और सागौन की लकड़ी जब्त कर ली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button