Robber Bride : डेढ़ लाख लेकर शादी करने के बाद फरार हुई लुटेरी दुल्हन, एक साथी गिरफ्तार

एमपी के बैतूल जिले से शादी कर देवास ले जाते समय रास्ते से फरार हुई दुल्हन

Robber Bride: बैतूल। एमपी के बैतूल जिले में शादी करने के लिए डेढ़ लाख रुपए लेने के बाद झांसा देकर दुल्हन रास्ते से भाग गई थी। पुलिस अब तक उसके साथियों तक ही पहुंच पाई है। दुल्हन का अभी तक पता नहीं चल पाया है। बैतूल के थाना गंज पुलिस ने बहुचर्चित लुटेरी दुल्हन घटनाक्रम में एक फरार आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता प्राप्त की है। इस मामले में 1,40,500 रुपये की धोखाधड़ी करने वाली लुटेरी दुल्हन के साथियों में से यह गिरफ्तारी की गई है।

घटनाक्रम यह है कि  08/09/24 को फरियादी राजेश मंसुरिया (पिता लक्ष्मीनारायण मंसुरिया, उम्र 34 वर्ष, निवासी हाटपिपलिया, जिला देवास) ने गंज थाना आकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि 30/08/24 को सुरेन्द्र यादव ने उनके साले धर्मेन्द्र बागवन की शादी सीमा यादव से कराने के लिए बैतूल बुलाया था। बैतूल में सुरेन्द्र यादव ने अपने साथी राजा उर्फ चंद्रशेखर, सावित्री अहाके से मिलवाया और उन्हें रमेश सुर्यवंशी के घर कालापाठा ले गए। वहां पर रमेश सुर्यवंशी, राजेश यादव, जिया यादव, और लड़की सीमा यादव मिलीं।

सीमा यादव का आधार कार्ड दिखाने के बाद, शादी के लिए 1,50,000 रुपये की मांग की गई। राजेश मंसुरिया ने 1,00,000 रुपये नकद और 40,500 रुपये फोनपे के माध्यम से सुरेन्द्र यादव को दिए। इसके बाद बैतूल कोर्ट के पास लिव-इन-रिलेशनशिप का एग्रीमेंट तैयार किया गया और फिर सीमा यादव को सोने का मंगलसूत्र एवं चांदी की पायल पहनाई गई।

शादी की औपचारिकता पूरी होने के बाद सभी हाटपिपलिया, देवास के लिए टवेरा गाड़ी से निकले। रास्ते में सीमा यादव ने शकर ढाबे चिरापटला में खाने का बहाना किया और बाथरूम जाने के नाम पर एक स्कूटी सवार व्यक्ति के साथ भाग गई।

इस घटना पर थाना गंज में अपराध क्रमांक 314/24 धारा 318(4), ए 3(5) BNS 2023 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।थाना गंज पुलिस ने साइबर सेल की मदद से त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों—सुरेन्द्र उर्फ बंडु यादव, रमेश सुर्यवंशी, और सावित्री अहाके—को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया था। 30/09/24 को मामले के एक अन्य फरार आरोपी राजेश अहिरवार (उम्र 32 साल, निवासी सांई फारचुनर, इटारसी) को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।

इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में निरीक्षक रविकान्त डेहरिया, उपनिरीक्षक रणधीर सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक आशीष, प्रधान आरक्षक रामदास, प्रधान आरक्षक चन्द्रकिशोर, महिला आरक्षक प्रियंका, आरक्षक अनिरुद्ध, आरक्षक दीपेन्द्र और साइबर सेल की विशेष भूमिका रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button