Big Action : बैतूल जिले में दो पंचायत सचिव सेवा से पृथक, 18 की वेतन वृद्धि और सात रोजग़ार सहायकों का एक माह वेतन रोका
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने की कार्रवाई,योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही पर गिरी गाज

Big Action : जिला पंचायत के माध्यम से संचालित की जाने वाली शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में फिसड्डी रहने वाले बैतूल जिले की ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायकों के खिलाफ अब कठोर कार्रवाई की जाने लगी है। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अक्षत जैन द्वारा लगभग एक माह पूर्व जिले के 29 ग्राम पंचायतों के सचिव-रोजगार सहायक के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रारंभ की गई थी। यह ऐसी पंचायतें थी, जो योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में लगातार तीन महीनों मई, जून एवं जुलाई 2024 की जारी रैंकिंग में अपनी-अपनी जनपद पंचायतों में बाटम पांच पंचायतों में रहीं।
इन पंचायतों में से दो में पदस्थ पंचायत सचिव को सेवा से पृथक कर दिया गया जबकि 18 की वेतन वृद्धि रोक दी गई है। इसके अलावा सात रोजग़ार सहायकों का एक माह वेतन भी रोक दिया गया है। ग्राम पंचायतों के सचिव-रोजगार सहायक के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रारंभ कर सुनवाई का युक्तियुक्त अवसर प्रदाय किया गया। सुनवाई उपरांत आठनेर जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत पांढुर्ना के सचिव वामनराव धोटे एवं भीमपुर जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत चिखली सचिव मंगलसिंह सलामे अपने कार्य के प्रति गंभीर अनुशासनहीनता का आचरण प्रदर्शित करने कारण सेवा से पृथक किया गया है।
18 सचिवों की एक-एक वेतन वृद्धि रोकी:
सीईओ जैन ने बताया कि कार्य में लापरवाही बरतने के कारण 18 ग्राम पंचायत सचिवों के विरुद्ध उनकी एक-एक वेतन वृद्धि रोकी गई है। यह कार्यवाही जनपद आमला के इटावा, जनपद बैतूल के सोहागपुर एवं बारव्ही, जनपद भैंसदेही के खामला एवं कोथल कुंड, जनपद आठनेर के अंधेर बावड़ी, जनपद भीमपुर के चूनालोहमा, पलासपानी एवं दामजीपुरा, जनपद मुलताई के दुनावा, जनपद प्रभात पट्टन के पचधार, जनपद चिचोली के चुनागोसाई, जनपद घोड़ाडोंगरी के पाडर, हीरापुर एवं जुवाड़ी एवं जनपद शाहपुर के काजली, सेहरा एवं चिखली रैयत ग्राम पंचायत के सचिव के विरुद्ध की गई।
सात रोजगार सहायकों का एक माह का वेतन रोका:
इसी प्रकार सात ग्राम पंचायत रोजगार सहायकों का एक माह का वेतन रोका गया। यह कार्यवाही जनपद आठनेर के पांढुर्णा; जनपद भैंसदेही के खामला एवं कोथलकुंड; जनपद भीमपुर के चिखली एवं पलासपानी; जनपद मुलताई के दुनावा; एवं जनपद शाहपुर के सेहरा ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक के विरुद्ध की गई। इसी तरह नौ सचिव एवं 13 रोजगार सहायक के जवाब से आंशिक रूप से सहमत होते हुए उनके विरुद्ध लघु शास्ति अधिरोपित कर परिनिंदा जारी की गई।इस कार्रवाई से पंचायतों के सचिव, रोजगार सहायकों में हड़कंप मच गया है।




