Alpaviram:अल्प विराम सामाजिक बदलाव का आधार: महेश गुंजेले

मुलताई में आयोजित हुई अल्प विराम कार्यशाला


बैतूल। मुलताई नगर पालिका सभागृह में 18 दिसंबर को आनंद संस्थान द्वारा एक दिवसीय अल्प विराम परिचय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और जिला पंचायत सीईओ अक्षत जैन के मार्गदर्शन में हुआ। कार्यशाला की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर थीं।
कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सर्वधर्म प्रार्थना से किया गया। सत्र का संचालन जिला संपर्क व्यक्ति महेश गुंजेले, मास्टर ट्रेनर तुलिका पचौरी, आनंद सहयोगी आशीष पचौरी और आशीष कोकने ने किया।
महेश गुंजेले ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि आनंद विभाग केवल व्यक्तिगत विकास तक सीमित नहीं है, यह समाज में सकारात्मकता और सौहार्द्र का प्रसार करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि अल्प विराम सामाजिक बदलाव की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है। आनंद की ओर विषय पर चर्चा करते हुए उन्होंने प्रतिभागियों को आनंद संस्थान की गतिविधियों से परिचित कराया।
मास्टर ट्रेनर तुलिका पचौरी ने जीवन का लेखा-जोखा सत्र में चार मुख्य प्रश्नों पर चर्चा की, बचपन से लेकर अब तक किसने मदद की, किसकी मदद की, किसने दुःख दिया और किसको दुःख दिया। इस सत्र में आनंदक आशीष कोकने ने अपने अनुभव साझा किए। महेश गुंजेले ने हमारे रिश्ते सत्र में विभिन्न रिश्तों की गहराई और आत्मानुभूति का महत्व बताया। उन्होंने प्रतिभागियों को शांत समय लेकर आत्मविश्लेषण करने के लिए प्रेरित किया।
इस कार्यशाला में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और कृषि विभाग के 55 प्रतिभागियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि कार्यशाला ने उन्हें स्वयं से जुड़ने और दूसरों की मदद करने की प्रेरणा दी।।फीडबैक में प्रतिभागियों ने इसे सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक बताया। आयोजन में नगर पालिका मुलताई और जनपद पंचायत मुलताई के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहयोग दिया। कार्यशाला में खेल शिक्षक महेश खत्री, संदीप तारे और लखन सिंह रघुवंशी का भी विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button