MP Electation 2023 : बैतूल जिले में सात नवंबर को मतपेटी में डाले जाएंगे वोट

विधानसभा चुनाव के लिए घर पर मतदान करेंगे 1284 बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता

MP Electation News : बैतूल। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए सात नवंबर को मतदान प्रारंभ हो जाएगा। चौंकिए नही…यह सच है क्योंकि चुनाव आयोग के द्वारा पहली बार 80वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग मतदाताओं और दिव्यांगजनों के लिए घर पर ही मतदान करने की सुविधा उपलब्ध कराई है। बैतूल जिले में सात और 10 नवंबर को मतदाता मतपेटी में अपनी पसंद के प्रत्याशी को मत देकर अपना मतपत्र डालेंगे। बैतूल जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों में सात नवंबर को मतदान दल सहमति देने वाले 1284 मतदाताओं के घर पहुंचकर उनका मतदान कराएगा।इस दिन किसी कारण से अनुपलब्ध रहने वाले मतदाताओं को एक और अवसर 10 नवंबर को प्रदान किया जाएगा।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अमनबीर सिंह बैंस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के पांच विधानसभा क्षेत्र में 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग और दिव्यांग 1284 मतदाताओं के द्वारा फार्म 12 जमा कर घर से ही मतदान करने के लिए अपनी सहमति प्रदान की है। सात नवंबर को इन मतदाताओं के घर पहुंचकर मतदान दल द्वारा मतदान कराया जाएगा।पांच विधानसभा क्षेत्र में घर पहुंचकर मतदान कराने के लिए 32 दल बनाए गए है।

मतपत्र पर देंगे अपनी पसंद के प्रत्याशी को वोट

घर से मतदान करने के लिए सहमति प्रदान करने वाले 1284 मतदाताओं से मतदान कराने के लिए स्थानीय स्तर पर मतपेटी तैयार कराई गई हैं। इन्हें ताला बंद कर सील किया जाएगा और मतदान दलों को सात नवंबर को सुबह सात बजे रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय से रवाना किया जाएगा। मतदाताओं के घर पहुंचकर मतदान दल के द्वारा मतपत्र के माध्यम से उनका मतदान कराया जाएगा। मतदान की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद मतपत्रों को स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा। इस दौरान दल के प्रतिनिधिओं को भी अपने वाहन में दल के रूप में रहने के लिए निर्देश दिए गए हैं ताकि वे चिन्हित मतदाताओं के घर-घर जाकर निष्पक्ष मतदान की कार्रवाई को देख सकें।

जमा किए गए हैं सहमति पत्र

चुनाव आयोग के द्वारा पहली बार दी गई इस सुविधा के लिए बीएलओ के माध्यम से बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के सहमति पत्र जमा कराए गए हैं। जो बुजुर्ग मतदाता मतदान केंद्र तक पहुंचने में समर्थ नहीं थे उनके स्वजन द्वारा सहमति पत्र जमा किए गए हैं। अब इन मतदाताओं के घर मतदान दल पहुंचकर उनसे मतदान कराएगा। जिले के पांच विधानसभा क्षेत्र में 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग मतदाताओं की संख्या 15 हजार 801 है वहीं दिव्यांग मतदाता 11774 हैं। इनमें से पहली बार दी गई इस सुविधा का लाभ लेने के लिए 1284 के द्वारा ही सहमति प्रदान की गई है। मतदान दलों को घर जाकर मतदान करने के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान कर दिया गया है ।

अब मंगलवार सात नवंबर को पहली बार मतदान दल के सदस्य घर जाकर मतदान कराएंगे। मुलताई विधानसभा क्षेत्र में घर से मतदान करने वाले 299 मतदाता हैं। आमला विधानसभा क्षेत्र में घर से मतदान करने वाले 159मतदाता हैं।बैतूल विधानसभा क्षेत्र में घर से मतदान करने वाले 299 मतदाता हैं। घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र में घर से मतदान करने वाले 172 मतदाता हैं। भैंसदेही विधानसभा क्षेत्र में घर से मतदान करने वाले 355 मतदाता हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button