Loksabha Chunav : बैतूल जिले में 90 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य रखें, कलेक्टर ने की विधानसभा वार समीक्षा

Loksabha Chunav : बैतूल: सभी बीएलओ व्हाट्सअप पर मतदाता परिवारों का ग्रुप बनाकर मतदान के लिए उन्हें प्रोत्साहित करें। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी और स्वीप के नोडल अधिकारी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अक्षत जैन गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बीएलओ के साथ गुगल मीट पर चर्चा कर रहे थे। उन्होंने मतदाता जागरूकता के लिए घोड़ाडोंगरी, मुलताई एवं आमला विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ से कहा कि वे मतदान प्रतिशत में वृद्धि के लिए नवाचार को शामिल करें।
मतदाताओं को व्हाट्सअप ग्रुप से जोड़े
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने कहा कि सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्र के मतदाता परिवार का व्हाट्सअप ग्रुप बनाएं। उन्हें मतदान संबंधी कार्यक्रमों से जोड़े। उन्होंने कहा कि मतदान के प्रति उनके दायित्वों और मतदान के महत्व को बताते हुए मतदान के लिए प्रोत्साहित करें। उन्हें अथवा उनके परिवार के किसी सदस्य को किसी कारण से मतदान केन्द्र तक जाने में कोई परेशानी हो तो उसकी नियमों के दायरे में रहकर सहायता करें। बीएलओ यह प्रयास करें कि प्रत्येक घर के हर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि बैतूल जिले में 90 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य रखे। मतदान पर्व को मतदान महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। मतदान दलों का ढोल-नगाड़े के साथ स्वागत करें एवं गैर राजनीतिक रैली का आयोजन किया जाएगा।
मतदाताओं के लिए करें पेय पदार्थ की व्यवस्था
स्वीप के नोडल अधिकारी श्री अक्षत जैन ने कहा कि रोज बदलते मौसम को देखते हुए गर्मी की स्थिति में मतदान दलों के रहने, भोजन व्यवस्था एवं शौचालय तथा साफ-सफाई की पूरी व्यवस्था करें। भीषण गर्मी की स्थिति में मतदाताओं को पेयजल एवं शरबत आदि की व्यवस्था की जाए। बैग सदस्यों द्वारा यह प्रयास किया जाए कि मतदाता सुबह 7 बजे से 12 बजे के पूर्व अधिक से अधिक मतदान कर सकें। शासकीय कर्मचारी अपने परिवार सहित शत प्रतिशत मतदान करें।
प्रवासी मतदाताओं को मतदान हेतु निमंत्रण
संसदीय क्षेत्र के बाहर कार्यरत ऐसे मतदाता जो अपने मतदान क्षेत्र से दूर है को दूरभाष एवं मोबाईल पर 7 मई को मतदान के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इनमें ऐसे मतदाता शामिल है जो काम-धंधे, पढ़ाई, विवाह समारोह आदि के कारण मतदान केन्द्र से दूर है, को मतदान के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इसके साथ ही मतदान के संबंध में स्वच्छता वाहनों के माध्यम से ऑडियो के रूप में मतदान दिवस एवं समय को उद्घोषणा के रूप में प्रसारित किया जाएगा। दीवार लेखन के माध्यम से 7 मई को प्रात: 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान किए जाने का उल्लेख किया जाएगा।




