मां सूर्यपुत्री ताप्ती जागृति समिति की पहल रंग लाई, ताप्ती तट पर हाईमास्ट लाइट को मिली मंजूरी, प्रशासनिक आदेश जारी…
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने विधायक निधि से स्वीकृत की 5 लाख रुपये की राशि ।

बैतूल। मां सूर्यपुत्री ताप्ती जागृति समिति के प्रदेश अध्यक्ष रामकिशोर पवार के विशेष अनुरोध को गंभीरता से लेते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बैतूल विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने अपनी विधायक निधि से 5 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कर हाईमास्ट लाइट स्थापना कार्य को हरी झंडी दे दी है। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजना वर्ष 2025-26 के अंतर्गत इस कार्य को औपचारिक प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है, जिससे ताप्ती तट क्षेत्र में शीघ्र ही स्थायी रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित होगी।
– कलेक्टर कार्यालय से जारी हुआ औपचारिक आदेश
कार्यालय कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी बैतूल द्वारा जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि विधायक हेमंत खण्डेलवाल द्वारा अनुशंसित कार्य के लिए सहायक यंत्री, मनरेगा, जनपद पंचायत बैतूल द्वारा प्रस्तुत प्राक्कलन एवं तकनीकी स्वीकृति के आधार पर मध्यप्रदेश शासन, योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग भोपाल के आदेश क्रमांक एफ-8-13/यो-2 दिनांक 18 जुलाई 1995 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
– शासकीय भूमि पर ही होगा निर्माण, वैधानिक प्रक्रिया अनिवार्य
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि स्वीकृत निर्माण कार्य केवल शासकीय भूमि पर ही संपादित किया जाएगा। कार्य प्रारंभ करने से पूर्व खसरा-नक्शा, भूमि संबंधी अनापत्ति, अनुमति प्रमाणीकरण तथा परिसंपत्ति के रखरखाव और संचालन संबंधी सहमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
– छह माह में कार्य पूर्ण करने का निर्देश
स्वीकृत कार्य को स्वीकृति दिनांक से छह माह की अवधि में पूर्ण करना अनिवार्य रहेगा। कार्य पूर्ण होने पर उपयोगिता प्रमाण पत्र, कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र तथा कार्य प्रारंभ से पूर्व, निर्माणाधीन और पूर्ण होने के बाद के रंगीन फोटोग्राफ जिला योजना कार्यालय में प्रस्तुत किए जाएंगे। राशि किस्तों में जारी की जाएगी और पूर्व किश्त का उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के बाद ही अगली किश्त स्वीकृत होगी।
– खर्च पर रहेगी सख्ती
स्वीकृत राशि में से कार्यालयीन व्यय, वाहन व्यय अथवा कंटेनजेंसी मद में खर्च पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। निर्माण कार्य में मशीनों का उपयोग नहीं किया जाएगा और स्थानीय श्रमिकों से ही कार्य कराया जाएगा, जिसमें गरीबी रेखा की सूची के अनुसूचित जाति और जनजाति श्रमिकों को प्राथमिकता दी जाएगी।
– ताप्ती तट पर बढ़ेगी सुरक्षा और सुविधा
मां सूर्यपुत्री ताप्ती जागृति समिति के प्रदेश अध्यक्ष रामकिशोर पवार द्वारा ताप्ती क्षेत्र में सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हाईमास्ट लाइट की मांग की गई थी। विधायक हेमंत खण्डेलवाल द्वारा इस मांग को स्वीकार कर निधि से राशि स्वीकृत किए जाने के बाद अब ताप्ती मंदिर क्षेत्र में हाईमास्ट लाइट स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो गया है।




