Jan Ashirwad Yatra : कांग्रेस ने आदिवासियों को सिर्फ वोट बैंक माना, भाजपा ने दिया सम्मान – बाबूलाल मरांडी

आदिवासी अंचल में जन आशीर्वाद यात्रा का जोरदार स्वागत, 100 से अधिक कांग्रेसियों ने ली भाजपा की सदस्यता


Jan Ashirwad Yatra BETUL:  बैतूल। आजादी के बाद कांग्रेस सबसे अधिक सत्ता में रही लेकिन उसने कभी भी आदिवासियों को मुख्य धारा में लाने का प्रयास नहीं किया। अटलजी के कार्यकाल में अलग से आदिवासी मंत्रालय बनाया गया। 2014 में जब श्री नरेन्द्र मोदीजी प्रधानमंत्री बने तब 8 आदिवासी जनप्रतिनिधि को मोदी जी ने मंत्रिमंडल में जगह दी। आदिवासियों को ऐसा प्रतिनिधित्व और सम्मान कांग्रेस में संभव था क्या ? कांग्रेस ने आदिवासियों को हमेशा सिर्फ वोट बैंक माना जबकि भाजपा ने इस वर्ग का सम्मान किया। आदिवासियों के कल्याण का यह क्रम निरंतर आगे बढ़ता रहें इसके लिए भारतीय जनता पार्टी को आशीर्वाद दीजिये।

यह बात जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री बाबूलाल मरांडी ने बैतूल जिले के गुदगांव में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। सभा को प्रदेश शासन के मंत्री श्री कमल पटेल, श्री ओपीएस भदौरिया एवं यात्रा के प्रभारी श्री बंशीलाल गुर्जर, पूर्व सांसद श्री हेमंत खंडेलवाल ने भी संबोधित किया।  मालवा क्षेत्र की जन आशीर्वाद यात्रा मंगलवार को बैतूल के करेपानी से प्रारंभ हुई। यात्रा में झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री बाबूलाल मरांडी, प्रदेश शासन के मंत्री श्री कमल पटेल, श्री ओपीएस भदौरिया एवं यात्रा के प्रभारी श्री बंशीलाल गुर्जर, सह प्रभारी डॉ तेजबहादुर सिंह चौहान, पूर्व सांसद श्री हेमंत खंडेलवाल, जिला अध्यक्ष श्री आदित्य बबला शुक्ला, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

ग्राम झल्लार  में पार्टी नेताओं ने रथ सभा को संबोधित करते हुए ग्रामीणों से जन समर्थन मांगते हुए भाजपा को जिताने की अपील की। यात्रा के दौरान गुदगाँव में जनसभा हुई जिसके पश्चात् साठनेर, बिसनूर, पट्टन होते हुए यात्रा मुलताई पहुंची। साठनेर, मूसाखेडी में हुई जनसभा के दौरान कांग्रेस नेता श्री राजेन्द्र सलामे, श्री सतीश भदोही के साथ एक दर्जन से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं मासोद में कांग्रेस नेता श्री संजय साहू के नेतृत्व में 100 से अधिक कांग्रेसियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश सरकार के मंत्रियों ने भाजपा में शामिल हुए सभी नेताओं का स्वागत किया।

देश की प्रगति और उन्नति के लिए भाजपा को वोट दें

झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री बाबूलाल मरांडी ने सातनेर में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोनाकाल के विपरीत समय में जब पूरा विश्व इस आपदा से जूझ रहा था तब भारत में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने गरीबों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया और उनकी चिंता की। मोदी जी ने विपरीत समय में कोरोना वैक्सीन देकर देशवासियों के साथ ही विश्व के 22 से अधिक देशों के नागरिकों की जान बचाई। उन्होंने कहा कि हर गरीब का जन धन खाता खोलकर उन तक सहायता सुनिश्चित करने का काम मोदी सरकार कर रही है। उन्होंने उपस्थित जनता से आग्रह करते हुए कहा कि हम आदिवासियों को मुख्य धारा से जोडने वाली, देश की प्रगति और उन्नति के लिए काम करने वाली भारतीय जनता पार्टी के कमल के फूल पर वोट देना है। आपके महत्वपूर्ण वोट से देश और प्रदेश में भाजपा सरकार को जनसेवा का मौका मिलेगा।

कांग्रेस को वोट देना अपने पैर पर कुल्हाड़ी मारना – कमल पटेल

कृषि मंत्री श्री कमल पटेल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि वे यहाँ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज जी का संदेश लेकर आए हैं। जबसे देश और प्रदेश में मोदीजी और शिवराज जी के नेतृत्व में कमल खिला है, देश के लोगों पर माता लक्ष्मी मेहरबान है। क्योंकि भाजपा के कमल के निशान को आपने वोट दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम लेकर इस देश पर 56 साल राज़ किया। मगर गाँधीजी का सपना राम राज्य नहीं ला पाई। राम राज्य लाने का काम भाजपा ने किया। मोदी जी ने बीमारों को आयुष्मान योजना में हर साल 5 लाख की उपचार सहायता दी। किसानों को सम्मान निधि दी, लाडली बहनों को सम्मान से जीने का अवसर दिया। गरीबों को पक्के मकान दिए। उज्जवला योजना में सस्ते गैस कनेक्शन दिए। समाज के अंतिम व्यक्ति तक रोटी, कपड़ा और मकान सुनिश्चित होना ही राम राज्य है। ऐसा तब होगा जब आप पिछले बार की भूल नहीं करेंगे, कांग्रेस को वोट देकर अपने पाँव पर कुल्हाड़ी नहीं मारेंगे क्योंकि हर समस्या का हल है खिलता हुआ कमल।

कांग्रेस के राज में पुलिस नहीं नक्सली ड्यूटी करते थे – भदौरिया

प्रदेश सरकार के मंत्री ओपी.एस. भदौरिया ने संबोधित करते हुए कहा कांग्रेस के समय में यह क्षेत्र नक्सल प्रभावित था। उस समय यहाँ पुलिस नहीं नक्सली ड्यूटी करते थे। प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है तब से नक्सलवाद का खात्मा हुआ है। हर कसौटी पर भाजपा की शिवराज सरकार ने सफलतापूर्वक स्वर्णिम प्रदेश बनाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि 15 महीने की कांग्रेस सरकार हमारी भूल का नतीजा थी। जिसे जनता ने भोगा है। कांग्रेस ने आते ही किसानों की योजनाएं बंद कर दी, जैसे आवास योजना, संबल योजना, कन्यादान योजना। तो अब ये भूल दोबारा मत करना। भाजपा की सरकार बनाने के लिए कमल के फूल को ही वोट देना है।

भाजपा सरकार ने बदली बैतूल की तस्वीर

भाजपा प्रत्याशी श्री महेन्द्र सिंह चौहान ने संबोधित करते हुए कहा कि पहले बैतूल को कालापानी की सज़ा कहा जाता था। बारिश के दिनों में शहर से चार महीने के लिए गांवों का संपर्क टूट जाता था। किसी बीमार या प्रसूता को अस्पताल तक पहुँचाना दूभर होता था। मगर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व ने भाजपा सरकार ने इस क्षेत्र की सूरत बदल डाली है। नदियों पर बांध और पुल बनाकर भाजपा सरकार ने क्षेत्र का भूगोल बदलने का काम किया है।

कांग्रेस नेताओं ने ली भाजपा की सदस्यता

बैतूल से निकली जनआशीर्वाद यात्रा सघन वन क्षेत्र से होकर गुज़री। विशेषकर आदिवासियों के क्षेत्र में यात्रा का भव्य स्वागत हुआ। आठनेर में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री बाबुलाल मरांडी की उपस्थिति में ग्राम अध्यक्ष श्री राजेंद्र सलामी , श्री सतीश बरदाही के नेतृत्व में 16 ग्रामीणों ने भाजपा की सदस्यता ली । शाम को मासोद पहुंची यात्रा में कांग्रेस नेता संजय साहू के नेतृत्व में 100 से ज्यादा कांग्रेसियों ने भाजपा के सदस्यता अभियान के मोबाइल नंबर 70002-30230 पर मिस्ड कॉल कर भाजपा की ऑनलाइन सदस्यता ग्रहण की। रथयात्रा में शामिल कृषि मंत्री श्री कमल पटेल, पूर्व विधायक अलकेश आर्य, यात्रा प्रभारी श्री बंशीलाल गुर्जर, सह यात्रा प्रभारी डॉ तेज़ बहादुरसिंह चौहान, प्रदेश मीडिया के सह प्रभारी श्री सचिन सक्सेना ने नए सदस्यों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button