ACTION : गोवध कर गोमांस बेचने वाले आरोपियों के अवैध निर्माण पर चलाया बुलडोजर

Betul News : बैतूल। जिला मुख्यालय के करीब ग्राम रावनवाड़ी में अवैध रूप से बूचड़खाने का संचालन किया जा रहा था। पुलिस के मुखबिर तंत्र को इसकी भनक तक नहीं लगी। वो तो हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जब पुलिस को सूचना दी तो आनन-फानन में टीम बनाकर रावनवाड़ी गांव में पहुंचाई गई। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर देखा तो एक गाय कटी हुई पड़ी थी और चारों ओर मांस पड़ा हुआ था। पुलिस ने माैके से दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पांच के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। रात में ही फरार हुए तीन आरोपियों की तलाश की गई लेकिन कहीं नहीं मिले।रविवार को पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने जिस स्थान पर गाय काटी गई थी उस मकान को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया। इसके बाद गांव के भीतर स्थित आरोपियों के दाे मकानों पर भी बुलडोजर चला दिया गया।
गांव में कोई अप्रिय स्थिति निर्मित न हो इसके लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। एसडीएम, तहसीलदार, एसडीओपी और आसपास के थानों के टीआई भी गांव में डटे रहे। बैतूल एसडीओपी सृष्टि भार्गव ने बताया कि गोवध करने वाले पांच लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। इनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि तीन फरार हैं। रावनवाड़ी गांव में तीन स्थानों पर बुलडोजर चलाया गया है।

जिस खेत में गाय का वध किया गया था और मांस काटा जा रहा था उसके मालिक आरोपी जावेद के खेत में स्थित मकान को बुलडोजर चलाकर तोड़ा गया। गांव में ही स्थित आरोपी अमीन के मकान को भी बुलडोजर से तोड़ दिया गया है। गंज थाने में आरोपी अमीन अली, मुशर्रफ खान, अयूब खान, हाजिम खान और जावेद खान पर मामला दर्ज किया गया है।

एनएसए की कार्रवाई करने की मांग
इस घटना के बाद आरोपियों पर एनएसए की कार्रवाई करने की मांग की जा रही है। आम लोगों के द्वारा भी विभिन्न इंटरनेट माध्यमों पर घटना को लेकर अपनी नाराजगी जताई जा रही है। लोगों का कहना है कि फरार आरोपियों के घरों पर भी बुलडोजर चलाने की कार्रवाई करना चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी ऐसा अपराध नहीं कर पाए।
पुलिस और प्रशासन ने गांव में तो कार्रवाई कर दी है लेकिन शहर में उनके मकानों का भी परीक्षण राजस्व और नगर पालिका के अमले से कराया जाना चाहिए। यदि अवैध निर्माण किया गया है तो उसे भी जमीन में मिलाया जाना चाहिए। हिंदू संगठनों के द्वारा सोमवार को नगर में रैली निकालकर प्रशासन को ठोस कार्रवाई करने की मांग से संबंधित ज्ञापन देने की तैयारी कर ली गई है।




