माइंड्स आई स्कूल में छात्र नेताओं को सैश पहनाकर दिया पदभार
इन्वेस्टिचर समारोह में हेड बॉय-हेड गर्ल समेत डिसिप्लिन मिनिस्टर जैसे महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे, अनुशासन का लिया संकल्प

बैतूल। माइंड्स आई इंटरनेशनल स्कूल, बैतूल में नवनिर्वाचित छात्र नेताओं को हेड बॉय, हेड गर्ल से लेकर कल्चरल इंचार्ज, एक्टिविटीज इंचार्ज, हाउस इंचार्ज और डिसिप्लिन मिनिस्टर जैसे महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए। भव्य इन्वेस्टिचर समारोह में चयनित विद्यार्थियों को सैश पहनाकर सम्मानित किया गया और उन्होंने विद्यालय की जिम्मेदारियों को निष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी से निभाने का संकल्प लिया। समारोह का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी, आत्मविश्वास और अनुशासन की भावना विकसित करना रहा।
समारोह में श्री अग्रसेन महाराज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के डायरेक्टर अनिल राठौर, माइंड्स आई इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर डॉ. ओ.पी. राठौर तथा श्री अग्रसेन महाराज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के सचिव डॉ. शशांक राठौर की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने नवनिर्वाचित छात्र नेताओं को सैश पहनाकर उनके पद के अनुरूप जिम्मेदारियां सौंपीं।
इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नेतृत्व पद प्राप्त करने का नाम नहीं है, यह जिम्मेदारी, अनुशासन, ईमानदारी और दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बनने का अवसर है। उन्होंने सभी चयनित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय परिवार की ओर से भी सभी नवनिर्वाचित छात्र नेताओं को शुभकामनाएं दी गईं। समारोह में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम से विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ तथा नेतृत्व के प्रति उनकी जिम्मेदारी की भावना और मजबूत हुई। माइंड्स आई इंटरनेशनल स्कूल का यह आयोजन विद्यार्थियों को भविष्य के जिम्मेदार, आत्मविश्वासी एवं सशक्त नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।




