छात्र परिषद चुनाव में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के बाद नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों ने ली शपथ
मानसरोवर द स्कूल में विद्यार्थियों ने सीखी बैलेट पेपर से मतदान की प्रक्रिया

बैतूल। मानसरोवर द स्कूल में विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों के विकास के उद्देश्य से छात्र परिषद चुनाव का सफल एवं पारदर्शी आयोजन किया गया। बैलेट पेपर के माध्यम से हुए चुनाव में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर मतदान किया। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विद्यालय के प्राचार्य एस. वी. चंद्रशेखर ने निर्वाचित विद्यार्थियों को पद एवं जिम्मेदारी की शपथ दिलाई।
चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत विद्यालय की डायरेक्टर डॉ. पुष्पलता साबले ने पहला वोट डालकर की। इसके बाद प्राचार्य एस. वी. चंद्रशेखर ने मतदान कर प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। सभी विद्यार्थियों को बैलेट पेपर उपलब्ध कराकर मतदान कराया गया। चुनाव से पहले विद्यार्थियों को वास्तविक लोकतांत्रिक व्यवस्था की जानकारी देने के लिए मॉक पोलिंग प्रशिक्षण भी आयोजित किया गया था। विभिन्न पदों के उम्मीदवारों ने भाषण और प्रचार अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों से अपने पक्ष में मतदान की अपील की। मतदान के दौरान विद्यार्थियों ने अनुशासन का परिचय दिया और मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए गए।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि मनोज भार्गव एवं धीरज हिरणी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के चेयरमैन डॉ. विनय सिंह चौहान ने की। डायरेक्टर डॉ. पुष्पलता साबले, पंकज साबले एवं हेमराज जसूजा, लीलाराम सरले सहित विद्यालय के पदाधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे। प्राचार्य एस. वी. चंद्रशेखर ने नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को उनकी जिम्मेदारियों के निर्वहन की शपथ दिलाई।
छात्र परिषद में हेड बॉय के रूप में दर्श दूनसुआ और हेड गर्ल के रूप में अपूर्व वर्मा निर्वाचित हुईं। डिप्टी हेड बॉय रूद्र सिसोदिया तथा डिप्टी हेड गर्ल दक्षिता गायकवाड चुनी गईं। डिसिप्लिन इंचार्ज गर्ल्स तेजस्वी जैन और डिसिप्लिन इंचार्ज बॉय ज्ञानेंद्र घोरपडे रहे।
हाउस कैप्टन के रूप में ब्लू हाउस से मयूर पवार एवं जयमाला मारवाड़, रेड हाउस से लक्ष्य माकोड़े एवं रियांशी गायकवाड, ग्रीन हाउस से मानस माकोड़े एवं अक्षरा तथा येलो हाउस से विवेक साहू एवं खुशी साहू निर्वाचित हुए।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों को नेतृत्व, अनुशासन, जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करती हैं। चुनाव और शपथ ग्रहण समारोह विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा जीवन कौशल निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।



