होटल रेटिंग के नाम पर 2.25 लाख की साइबर ठगी, का आरोपी शाजापुर से गिरफ्तार
इंस्टाग्राम पर पार्ट-टाइम जॉब का विज्ञापन देखकर महिला हुई ठगी का शिकार

बैतूल। इंस्टाग्राम पर पार्ट-टाइम जॉब की तलाश कर रही एक महिला को होटल रेटिंग देकर घर बैठे कमाई का झांसा देकर साइबर ठगों ने 2.25 लाख रुपए की चपत लगा दी। शुरुआत में कुछ रकम लौटाकर भरोसा जीतने के बाद ठगों ने निवेश और टास्क पूरे करने के नाम पर महिला से लगातार पैसे ट्रांसफर कराए। मामले की जांच में बैतूल कोतवाली पुलिस ने शाजापुर जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने पूछताछ में साइबर ठगी के लिए अपना बैंक खाता उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की है।
बैतूल कोतवाली पुलिस के अनुसार कारगिल चौक निवासी महिला ने शिकायत में बताया कि 12 जनवरी 2026 को इंस्टाग्राम पर पार्ट-टाइम जॉब तलाशते समय वह एक लिंक के जरिए व्हाट्सएप नंबर से जुड़ी। वहां उसे होटल रेटिंग देने के बदले घर बैठे कमाई करने का ऑफर दिया गया। शुरुआत में उससे छोटे-छोटे ऑनलाइन टास्क पूरे कराए गए और बदले में कुछ राशि उसके खाते में वापस भेजी गई। इससे महिला को लगा कि काम वास्तविक है और उसने आगे भी टास्क करना जारी रखा।
इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए ठगों ने पहले महिला से 5 हजार रुपए और फिर 70 हजार रुपए जमा करवाए। जब महिला ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने सिस्टम हैक होने का बहाना बना दिया। इसके बाद उसे भरोसा दिलाया गया कि यदि वह अतिरिक्त राशि जमा करेगी तो पहले जमा किए गए सभी पैसे एक साथ वापस मिल जाएंगे। इस झांसे में आकर महिला ने 1.50 लाख रुपए और ट्रांसफर कर दिए। इस तरह उससे कुल 2.25 लाख रुपए की साइबर ठगी कर ली गई।
शिकायत मिलने के बाद बैतूल कोतवाली पुलिस ने साइबर सेल के साथ बैंक ट्रांजेक्शन, मोबाइल नंबर और डिजिटल ट्रेल की तकनीकी जांच शुरू की। जांच के आधार पर पुलिस शाजापुर जिले के कालापीपल थाना क्षेत्र के ग्राम चायनी पहुंची, जहां से 26 वर्षीय फरीद खान को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में फरीद खान ने पुलिस को बताया कि उसने 20 हजार रुपए के बदले अपना इक्विटास स्मॉल फाइनेंस बैंक का खाता साइबर ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को इस्तेमाल करने के लिए दिया था। इसी खाते के माध्यम से ठगी की रकम का लेनदेन किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से रियलमी कंपनी का एक मोबाइल फोन और 1,010 रुपए नकद जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां अब पूरे साइबर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी हैं।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले पार्ट-टाइम जॉब, होटल रेटिंग, टास्क आधारित कमाई या कम समय में अधिक मुनाफे के किसी भी प्रस्ताव पर बिना जांच भरोसा न करें। किसी भी ऑनलाइन निवेश या भुगतान से पहले संबंधित संस्था की सत्यता की पुष्टि करें। यदि ऐसी किसी संदिग्ध गतिविधि का सामना हो तो तुरंत स्थानीय पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।




