नीट-सीबीएसई परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस का कैंडल मार्च आज
केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर कारगिल चौक से निकलेगा मार्च

बैतूल। नीट-सीबीएसई परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी आज शनिवार 25 जुलाई को शहर में कैंडल मार्च निकालकर केंद्र सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन करेगी। मार्च के समापन पर अंबेडकर चौक में सत्याग्रह किया जाएगा। इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी की जाएगी।
जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव मोनू बड़ोनिया ने बताया कि कैंडल मार्च शाम 6:30 बजे कारगिल चौक से शुरू होकर अंबेडकर चौक पहुंचेगा। उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, छात्रों और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा तथा परीक्षा संबंधी कथित अनियमितताओं के विरोध में अपनी आवाज बुलंद करेगी।
कार्यक्रम में कांग्रेस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न प्रकोष्ठों और मोर्चों के कार्यकर्ता, छात्र, युवा, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होंगे। जिला कांग्रेस कमेटी ने सभी से कैंडल मार्च और सत्याग्रह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर छात्रों के समर्थन में अपनी सहभागिता दर्ज कराने की अपील की है।




