पेपर लीक से बर्बाद हुआ लाखों छात्रों का भविष्य: डागा।
छात्रों की गूंज संवाद से कांग्रेस साधेगी सरकार पर निशाना, बैतूल में पत्रकार वार्ता कर दी जानकारी। शिक्षा संकट से किसानों तक के मुद्दे उठाएगी कांग्रेस । बैतूल जिले का भी एक बड़ा जमीन घोटाला उजागर करेगी कांग्रेस।

बैतूल। देशभर में आयोजित किए जा रहे छात्रों की गूंज-जन संवाद अभियान के तहत बैतूल में आयोजित होने वाले कार्यक्रमो को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने सरले सेलिब्रेशन मैरिज गार्डन में पत्रकार वार्ता कर इसकी रूपरेखा, उद्देश्य और प्रमुख मुद्दों को सामने रखा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक निलय विनोद डागा ने कहा कि
पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में लगातार गड़बड़ियों के कारण हजारों-लाखों विद्यार्थियों का भविष्य बर्बाद हुआ है। उन्होंने बताया कि मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारत में 2014 से 2026 तक भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में 90 से अधिक पेपर लीक हो गए हैं जो गंभीर राष्ट्रीय समस्या बन गया है।
श्री डागा ने बताया कि कांग्रेस का यह अभियान देश के विद्यार्थियों और युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों को सामने लाने की पहल है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, स्वास्थ्य, किसानों और आदिवासियों से जुड़े विषय आज सबसे बड़े जनसरोकार बन चुके हैं और इन्हीं मुद्दों पर युवाओं से सीधा संवाद किया जाएगा।
जिला संगठन महामंत्री ब्रजभूषण पांडे ने बताया कि पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस संगठन प्रभारी सुनील उइके, प्रदेश संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे सहित कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
निलय डागा ने आरोप लगाया कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था विद्यार्थियों के लिए अवसर का माध्यम बनने के बजाय शोषण का तंत्र बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं के निरस्त होने, बढ़ती बेरोजगारी, विद्यार्थियों में मानसिक तनाव और आत्महत्या की घटनाओं ने लाखों परिवारों को प्रभावित किया है। उनका दावा था कि पेपर लीक विवाद के बाद परीक्षा निरस्त होने से लेकर 21 जून तक 46 दिनों में 14 से अधिक विद्यार्थियों ने आत्महत्या की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को युवाओं के बीच प्रमुखता से उठाएगी।
– बैतूल में भी जमीन घोटाले का आरोप
रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय स्तर पर किए गए रोजगार संबंधी वादे पूरे नहीं हुए। उन्होंने कहा कि रोजगार उपलब्ध कराने के बजाय भूमि खरीद जैसे मामलों की चर्चा अधिक हो रही है। उन्होंने नगर के निकट डॉन बॉस्को स्कूल की जमीन का भी उल्लेख करते हुए सवाल उठाए।
उन्होंने दावा किया कि हाल ही में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से जुड़ा जमीन घोटाला सामने आया है तथा कांग्रेस आने वाले दिनों में बैतूल जिले का भी एक बड़ा जमीन घोटाला उजागर करेगी। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और उनके परिजनों द्वारा बड़े पैमाने पर भूमि खरीदी गई है और मास्टर प्लान के जरिए कथित लाभ पहुंचाया गया है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग भी की गई। पत्रकार वार्ता में श्री डागा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री किसी एक दल के नहीं, पूरे देश के प्रधानमंत्री होते हैं। इसके बावजूद प्रधानमंत्री ने अपने कपड़ों पर भाजपा का चुनाव चिह्न लगाकर पूरे समय प्रचार किया।
– स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली का उठाया मुद्दा
पत्रकार वार्ता में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की गई। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि बैतूल जिला चिकित्सालय में स्वीकृत 62 चिकित्सकों के पदों में से केवल 27 चिकित्सक कार्यरत हैं, जबकि 35 पद रिक्त होने के कारण आम लोगों को निजी अस्पतालों में इलाज कराने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
– राम मंदिर से जुड़े कथित घोटाले का मुद्दा भी उठाया
पत्रकार वार्ता के दौरान राम मंदिर से जुड़े कथित घोटाले का मुद्दा भी उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भगवान राम के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा सरकार मंदिर निर्माण और चढ़ावे के प्रबंधन में पारदर्शिता बनाए रखने में विफल रही है। उन्होंने भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में बिना रिश्वत के काम होना कठिन हो गया है और प्रशासनिक व्यवस्था पर इसका प्रतिकूल प्रभाव दिखाई दे रहा है।

किसानों की समस्याओं को भी पत्रकार वार्ता में प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों, खाद की उपलब्धता, किसान सम्मान निधि से नाम हटने तथा ई-टोकन व्यवस्था में आ रही परेशानियों को किसानों की बड़ी समस्या बताया।
– आदिवासियों पर अत्याचार के मामलों में शीर्ष पर पहुंचा मध्यप्रदेश
वहीं आदिवासियों पर बढ़ते अत्याचार का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो की रिपोर्ट के अनुसार मध्यप्रदेश आदिवासियों पर अत्याचार के मामलों में शीर्ष पर है और सरकार इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है।निलय विनोद डागा ने कहा कि छात्रों की गूंज-जन संवाद कार्यक्रम के तहत शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार, कौशल विकास, करियर, तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और युवाओं के भविष्य से जुड़े विषयों पर खुली चर्चा होगी।




