एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम में आज होगा सामूहिक योग, आयुष विभाग ने किया स्थल निरीक्षण।

जिलेभर में पूर्वाभ्यास कार्यक्रम संपन्न।

बैतूल। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर आयुष विभाग और जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। आज 21 जून को आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम के लिए हॉकी एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम, अभिनंदन सरोवर के पास स्थित स्थल निर्धारित किया गया है। वहीं बारिश होने की स्थिति में कार्यक्रम आदिवासी कन्या क्रीड़ा परिसर स्थित हॉल, अर्जुन नगर बैतूल में आयोजित किया जाएगा।

जिला आयुष अधिकारी डॉ. योगेश चौकीकर ने बताया कि योग दिवस के आयोजन की तैयारियां लगातार जारी हैं। इसी क्रम में 20 जून को आयुष विभाग एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा हॉकी स्टेडियम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। योग दिवस के पूर्वाभ्यास के तहत आकाशवाणी केंद्र बैतूल, सब जेल मुलताई, पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़गांव, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिचोली, वन विद्यालय बैतूल, सतपुड़ा वैली स्कूल सोनाघाटी तथा जिले के सभी 17 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में योगाभ्यास कराया गया।

पूर्वाभ्यास कार्यक्रमों में कुल 580 लाभार्थियों ने भाग लेकर योग का लाभ प्राप्त किया। डॉ. चौकीकर ने बताया कि 21 जून को मुख्य अतिथि एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम संपन्न होगा। आयुष विभाग ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे प्रातः 6 बजे हॉकी एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम पहुंचकर योगाभ्यास में शामिल हों तथा स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button