आयुर्वेद और होम्योपैथी से 164 रोगियों को मिली राहत।
आयुष विभाग ने किया निःशुल्क उपचार। कुल 14 कर्मचारियों की टीम ने दी सेवाएं।

बैतूल। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बैतूल बाजार में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में आयुष विभाग द्वारा 164 मरीजों का निःशुल्क उपचार किया गया तथा उन्हें आवश्यक औषधियों का वितरण भी किया गया। जिला आयुष अधिकारी डॉ. योगेश चौकीकर ने बताया कि कलेक्टर महोदय के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में आयुर्वेद एवं होम्योपैथी टीम ने सक्रिय रूप से सेवाएं प्रदान कीं।
शिविर का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला भाजपा अध्यक्ष सुधाकर पवार उपस्थित रहे। शिविर में नोडल अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार मोहने तथा सहायक नोडल अधिकारी डॉ. शारदा चौधरी की देखरेख में चिकित्सकीय सेवाएं दी गईं।

शिविर में डॉक्टर अतुल राय, डॉक्टर विशाल वर्मा, डॉक्टर रवीना लहरपुरे सहित कुल 14 कर्मचारियों की टीम ने कार्य किया। यहां उच्च रक्तचाप, मधुमेह, रक्ताल्पता, उदर रोग, वात रोग, दंत रोग सहित विभिन्न रोगों का उपचार किया गया तथा औषधियों का निःशुल्क वितरण किया गया।
इसके साथ ही मरीजों को सरल योग क्रियाएं, योगाभ्यास एवं रोगानुसार योग का प्रशिक्षण भी दिया गया। कुल 164 लाभार्थियों में से 93 को आयुर्वेद तथा 71 को होम्योपैथी सेवाओं का लाभ मिला।





