जनगणना में ओबीसी की अनदेखी के विरोध में धरना-प्रदर्शन आज
राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा का अंबेडकर चौक पर प्रदर्शन

बैतूल। जनगणना की हाउस लिस्टिंग प्रक्रिया में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए अलग श्रेणी का प्रावधान नहीं किए जाने के विरोध में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा आज शुक्रवार 5 जून को डॉ. बी.आर. अंबेडकर चौक बैतूल में दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तकधरना-प्रदर्शन करेगा।
मोर्चा पदाधिकारियों के अनुसार जनगणना के हाउस लिस्टिंग फॉर्म में परिवारों की श्रेणी दर्ज करने के लिए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य के विकल्प दिए गए हैं, लेकिन ओबीसी के लिए पृथक विकल्प नहीं रखा गया है। संगठन ने इसे ओबीसी समाज की उपेक्षा बताते हुए विरोध दर्ज कराने का निर्णय लिया है।
मोर्चा की मांग है कि जनगणना के हाउस लिस्टिंग फॉर्म में ओबीसी का अलग विकल्प जोड़ा जाए, ओबीसी की जातिगत गणना सुनिश्चित की जाए तथा ओबीसी वर्ग को पृथक श्रेणी के रूप में मान्यता देकर सही जनसंख्या आंकड़े एकत्र किए जाएं। संगठन ने केंद्र सरकार से ओबीसी समाज से जुड़े मुद्दों पर स्पष्ट नीति घोषित करने की भी मांग की है।
कार्यक्रम के दौरान धरना-प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। संगठन ने जिले के ओबीसी समाज, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अधिक संख्या में शामिल होकर आंदोलन को समर्थन देने की अपील की है।
उल्लेखनीय है कि पहले चरण में 25 मई को राष्ट्रव्यापी ज्ञापन सौंपा गया, दूसरे चरण में 5 जून को देशभर में धरना-प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे हैं, जबकि तीसरे चरण में 22 जून को राष्ट्रव्यापी रैली और प्रदर्शन किया जाएगा।




