तकनीकी ज्ञान के बिना फोटोग्राफी अधूरी: अनिल खवसे।
कैनन वर्कशॉप में बैतूल सहित छिंदवाड़ा के फोटोग्राफरों ने लिया प्रशिक्षण। मॉडल और लाइटिंग फोटोग्राफी की बारीकियों से रूबरू हुए जिलेभर के फोटोग्राफर।

बैतूल। कैनन कैमरा द्वारा बैतूल में आयोजित लाइटिंग फोटोग्राफी वर्कशॉप में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे फोटोग्राफरों ने आधुनिक फोटोग्राफी तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। वर्कशॉप में पहुंचे प्रशिक्षक नीरज विश्वकर्मा ने प्रतिभागियों को कैमरे की लाइव लाइटिंग फोटोग्राफी, मॉडल फोटोग्राफी और तकनीकी उपयोग की बारीकियों को गहराई से समझाया। उन्होंने बताया कि सही तकनीक और लाइटिंग के उपयोग से फोटोग्राफी को अधिक प्रभावशाली और पेशेवर बनाया जा सकता है, जिससे फोटोग्राफरों के कार्य में और निखार आएगा।
कार्यक्रम में बैतूल पहुंचे नीरज विश्वकर्मा का वरिष्ठ फोटोग्राफर अनिल खवसे, अकिल अहमद, राजेश सूर्यवंशी, चढ़ोकर और श्याम पाठक द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस दौरान जिले के प्रथम डिप्लोमा होल्डर फोटोग्राफर अनिल खवसे ने अपने संक्षिप्त संबोधन में कहा कि तकनीकी ज्ञान के बिना फोटोग्राफी अधूरी है। उन्होंने सभी फोटोग्राफरों से एकजुट होकर टीम वर्क करने और वर्कशॉप में सीखी गई तकनीकों को अपने कार्य जीवन में अपनाकर नाम कमाने की अपील की।
कार्यक्रम में कैनन टीम से आए गौरव और धनंजय का भी वरिष्ठ फोटोग्राफरों द्वारा सम्मान किया गया, वहीं जूनियर फोटोग्राफरों ने वरिष्ठ फोटोग्राफरों का सम्मान कर आपसी सौहार्द और एकता का परिचय दिया।
वर्कशॉप में मॉडल फोटोग्राफी के लिए परी तिवारी और माही जैन ने महाराष्ट्रियन भारतीय दुल्हन परिधान में मॉडल मेकअप प्रस्तुत कर अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुति ने प्रतिभागियों को लाइव मॉडल शूटिंग और लाइटिंग तकनीकों को समझने का अवसर दिया।
इस प्रशिक्षण शिविर में सारणी, चिचोली, मुलताई, आठनेर, आमला सहित पड़ोसी जिला छिंदवाड़ा के फोटोग्राफरों ने भी भाग लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में रानू हजारे, रघुनाथ डोंगरे, राहुल बडौदे, विशाल साहू, कृष्णा सोनी, मयूर साहू, रितेश सोनी, सागर पवार, हंसराज मालवी, सोनू जैन, विकी सुन्दरम, सुनील हजारे, जीवन पवार, संजय मालवी, कुलदीप डांगे, पवन पवार, महावीर इवेंट और शुभम पवार का विशेष सहयोग रहा।




