युवाओं को रोजगार मेले में मिली औद्योगिक अवसरों की जानकारी
टाटा मोटर्स और क्वेस कॉर्प लिमिटेड के सहयोग से मिला करियर का नया मंच

300 से अधिक युवाओं ने पाए रोजगार और प्रशिक्षण के अवसर
बैतूल। युवाओं को रोजगार और तकनीकी कौशल से जोड़ने की दिशा में रविवार को एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली, जहां कौशल्या सोशल वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा टाटा मोटर्स एवं क्वेस कॉर्प लिमिटेड के सहयोग से विशाल रोजगार एवं मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया। मेले में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे 300 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रोजगार, अप्रेंटिसशिप और औद्योगिक प्रशिक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम ने युवाओं को उद्योगों से सीधे जोड़ने और आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित करने का कार्य किया।
– रोजगार और कौशल विकास की पहल

रोजगार मेले का आयोजन संस्था के अध्यक्ष एवं के.बी. मेमोरियल हॉस्पिटल के संचालक डॉ. नितिन राजेंद्र देशमुख के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को औद्योगिक क्षेत्र से जोड़ते हुए उन्हें रोजगारोन्मुख बनाना और तकनीकी कौशल के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना रहा। आयोजन के दौरान युवाओं में रोजगार के अवसरों को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
– तकनीकी शिक्षा पर दिया गया जोर
कार्यक्रम में उपस्थित टाटा समूह की प्रतिनिधि जैस्मिन पंचाल एवं गीता जायसवाल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी शिक्षा और कौशल आधारित प्रशिक्षण की मांग तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने युवाओं से आधुनिक औद्योगिक प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने भविष्य को मजबूत बनाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि बदलते औद्योगिक परिवेश में प्रशिक्षित युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
– अप्रेंटिसशिप योजनाओं की दी जानकारी
क्वेस कॉर्प लिमिटेड के प्रतिनिधि तुषार निले एवं वंदना राजपाल ने राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप संवर्धन योजना के तहत संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों, चयन प्रक्रिया, मानदेय व्यवस्था और विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को व्यावहारिक औद्योगिक अनुभव के साथ मासिक मानदेय भी प्रदान किया जाता है, जिससे वे प्रशिक्षण के साथ आर्थिक रूप से भी सशक्त बन सकें।
– अधिकारियों ने किया मार्गदर्शन
कार्यक्रम में शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से शुभम वानखेड़े, जिला रोजगार अधिकारी श्याम धुर्वे तथा शासकीय पॉलिटेक्निक संस्थान से आयुष लॉर्ड विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने युवाओं को कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान युवाओं को मेकाट्रॉनिक्स डिप्लोमा, निःशुल्क तकनीकी प्रशिक्षण, अप्रेंटिसशिप योजनाओं और विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में उपलब्ध रोजगार संभावनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।
– भविष्य में भी होंगे ऐसे आयोजन
संस्था अध्यक्ष डॉ. नितिन राजेंद्र देशमुख ने कहा कि कौशल्या सोशल वेलफेयर फाउंडेशन लगातार युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी युवाओं के हित में रोजगारपरक एवं कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों, प्रतिनिधियों एवं युवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।





