पैतृक जमीन से नाम हटाने का आरोप।

बुजुर्ग महिला ने जनसुनवाई में की शिकायत ।

बैतूल। चिचोली तहसील के ग्राम कनारी निवासी सुललो उर्फ सुकलो ने मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचकर कलेक्टर से पैतृक कृषि भूमि विवाद में न्याय दिलाने की मांग की। महिला ने आरोप लगाया कि उनकी पैतृक जमीन से नाम हटाकर दूसरे लोगों के नाम दर्ज कर दिए गए हैं और मामले की अपील लंबे समय से एसडीएम न्यायालय में लंबित है।

प्रार्थी के अनुसार ग्राम कनारी स्थित खसरा नंबर 54/1, 62/1 और 207 की कुल 5.491 हेक्टेयर कृषि भूमि उनके पिता सिकदार की पैतृक संपत्ति है। उन्होंने बताया कि पिता के वैध वारिस केवल सुखराम और सुललो हैं, लेकिन विश्वनाथ, गोपाल और मेहपाल ने कथित रूप से पटवारी से मिलीभगत कर जमीन का नामांतरण और बंटवारा अपने नाम करा लिया। साथ ही रिकॉर्ड से उनका नाम भी हटा दिया गया।

महिला ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने एसडीएम बैतूल न्यायालय में अपील दायर की थी, जो 17 नवंबर 2025 से लंबित है। उन्होंने प्रशासन से मामले का शीघ्र निराकरण कराने की मांग की है। आवेदन में महिला ने यह भी आरोप लगाया कि विवादित भूमि को लेकर उन्हें लगातार डराया-धमकाया जा रहा है। खेती खाली नहीं करने पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी जा रही है। सुललो उर्फ सुकलो ने कलेक्टर से मांग की है कि वर्तमान पटवारी से वैधानिक वारिसों संबंधी रिपोर्ट मंगवाकर लंबित प्रकरण का जल्द निराकरण कराया जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button