नीट यूजी पेपर लीक के विरोध में शिक्षा मंत्री का पुतला दहन कर जताया विरोध।
राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन। निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग। छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप।

बैतूल। नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले को लेकर आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को जिला अध्यक्ष विनोद जगताप के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया। जिलेभर से पहुंचे कार्यकर्ता पहले नेहरू पार्क में एकत्र हुए, जहां केंद्रीय शिक्षा मंत्री के प्रतीकात्मक छायाचित्र का दहन कर विरोध जताया।
इसके बाद कार्यकर्ता रैली के रूप में जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक होना लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए छात्रों को न्याय दिलाने तथा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नर्मदापुरम जोन प्रभारी अजय सोनी, प्रदेश संयुक्त सचिव शंकर पेंदाम, अज़ीज़ खान, प्रदेश संयुक्त सचिव शिबू विश्वकर्मा, जिला संगठन मंत्री ईश्वर दास साबले सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





