कॉलेज चलो अभियान के तहत घर-घर पहुंच रही टीम।

ई-प्रवेश के लिए हेल्प सेंटर शुरू, छात्रों को मिल रहा मार्गदर्शन। 15 मई तक पहला चरण, 20 मई को होगा कॉलेज आवंटन। सेल्फी पॉइंट से विद्यार्थियों को किया जा रहा आकर्षित।

बैतूल। जिले के अग्रणी जे.एच. कॉलेज में सत्र 2026-27 के लिए कॉलेज चलो अभियान का दूसरा चरण तेज गति से चल रहा है। महाविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों तक पहुंच बनाने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप्स, सोशल मीडिया और घर-घर जाकर सीधे संपर्क कर रहा है। साथ ही विद्यार्थियों को ई-प्रवेश पंजीयन, महाविद्यालयीन पाठ्यक्रमों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है। परिसर में बनाए गए सेल्फी पॉइंट के माध्यम से भी विद्यार्थियों को आकर्षित किया जा रहा है।

ई-प्रवेश प्रक्रिया में विद्यार्थियों की सहायता के लिए महाविद्यालय में विशेष हेल्प सेंटर स्थापित किया गया है। यहां ऑनलाइन आवेदन फॉर्म में त्रुटि सुधार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही 12वीं के बाद उपलब्ध विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया और करियर संबंधी आवश्यक जानकारी विस्तार से दी जा रही है। महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार हेल्प सेंटर का उद्देश्य विद्यार्थियों को ई-प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई से बचाना और सही मार्गदर्शन देना है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी उच्च शिक्षा से जुड़ सकें।

नोडल प्रवेश अधिकारी डॉ. सुभाष खातरकर ने बताया कि ई-प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और विद्यार्थियों को कॉलेज आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया का पहला चरण 15 मई तक चलेगा तथा आवेदन फॉर्म के ऑनलाइन सत्यापन के बाद 20 मई को कॉलेज आवंटित किए जाएंगे।

कॉलेज चलो अभियान के नोडल प्रो. राकेश पवार ने बताया कि दूसरे चरण में सोशल मीडिया और संपर्क अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को लगातार जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। हर छात्र-कॉलेज तक अभियान के तहत क्षेत्र के विद्यालयों से 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों और पिछले वर्ष के ड्रॉप आउट विद्यार्थियों की जानकारी भी एकत्रित की जा रही है।

प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे ने ई-प्रवेश एवं कॉलेज चलो अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ अभियान को सफल बनाने का आग्रह किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button