अज्ञात विस्फोटक से 11 गोवंश के मुंह फटे, 3 की मौत।

डेम किनारे आटे के गोलों में छिपाकर रखा गया बारूद, कई गोवंश गंभीर घायल। जांच के लिए नर्मदापुरम से बम स्क्वायड टीम मौके पर पहुंची, पुलिस और प्रशासन ने शुरू की जांच । राष्ट्रीय हिंदू सेना ने एसपी से की शिकायत, भौंरा पुलिस और जांच टीम मौके पर।

बैतूल। भौंरा थाना क्षेत्र के ग्राम कोयलारी पंचायत कछार में एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। अज्ञात विस्फोटक पदार्थ के सेवन से 11 गोवंश गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं, जिनमें 3 गोवंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य 8 गोवंश बुरी तरह घायल हैं। घायलों के मुंह फट जाने से उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार गांव के पास बने छोटे डेम पर रोजाना की तरह गोवंश पानी पीने जाते थे, तभी अचानक जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने देखा कि कई गोवंश घायल अवस्था में तड़प रहे थे, जबकि कुछ मृत पड़े थे, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।

– डेम किनारे बिछाया गया था मौत का जाल

ग्रामीण लखन मवासे ने बताया कि घटना स्थल पर आटे के गोलों में विस्फोटक सामग्री मिलाकर रखी गई थी, जिसे खाने के बाद यह दर्दनाक हादसा हुआ। सूचना मिलते ही राष्ट्रीय हिंदू सेना के सदस्य आकाश साहू सहित संगठन के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय ने बताया कि गोवंश जहां पानी पीने पहुंचते हैं, उसी स्थान पर सुनियोजित तरीके से विस्फोटक सामग्री रखी गई थी।

घटना की सूचना पर भौंरा थाना प्रभारी सहित पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारी, पटवारी और विस्फोटक सामग्री की जांच के लिए नर्मदापुरम से बम स्क्वायड टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। वहीं घायल गोवंश के उपचार के लिए पशु चिकित्सकों की टीम भी मौके पर मौजूद है। इस दौरान राष्ट्रीय हिंदू सेना के युवा जिला मंत्री रोहित मालवीय, प्रखंड अध्यक्ष सौमेश सोनी, पियूष मालवीय, मुकेश लवेसकर, दीपक मोरसे, मुकेश कुमार मोहे, सरवन काजले, राजेंद्र ठाकुर, निलेश दामडे, संतोष मवासे, संतोष बामने और शुभम बामने सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और भय का माहौल है, जबकि पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button