आगजनी से प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचा भारतीय मजदूर संघ।

आवश्यक सामग्री वितरित कर दिया संबल, 24 परिवारों को सामग्री वितरण।

बैतूल। भीमपुर तहसील अंतर्गत ग्राम बर्राढाना में हाल ही में हुई भीषण आगजनी की घटना ने 24 परिवारों को गहरे संकट में डाल दिया है। आग की इस भयावह घटना में इन परिवारों के घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए, जिससे उनके सामने रोजमर्रा के जीवन यापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। प्रभावित परिवार वर्तमान में मूलभूत आवश्यकताओं के अभाव में कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं।

ऐसे कठिन समय में सामाजिक संवेदनशीलता का परिचय देते हुए भारतीय मजदूर संघ बैतूल के कार्यकर्ता पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे। उन्होंने उनके हालात को समझते हुए उनका मनोबल बढ़ाया। कार्यकर्ताओं ने इस अवसर पर 24 परिवारों के लिए 24 राहत किट तैयार कर वितरित किए। प्रत्येक किट में चटाई, चादर, कंबल, टॉवल और साड़ी जैसी दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री शामिल थी, जिससे प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत मिल सके।

राहत वितरण कार्यक्रम के दौरान विभाग प्रमुख विनय डोंगरे, जिला मंत्री पंजाबराव गायकवाड़, सह मंत्री गोविंद साहू, भैंसदेही तहसील के राहुल चढ़ोकार तथा भीमपुर ब्लॉक के गोविंद सायरे सहित संगठन के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने पीड़ित परिवारों के साथ संवाद कर उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

कार्यकर्ताओं ने बताया कि यह राहत कार्य समाज के सहयोग से संभव हो पाया है। संगठन के पूर्व प्रदेश महामंत्री मधुकर साबले के मार्गदर्शन में इस पहल को आकार दिया गया। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सामूहिक प्रयास ही प्रभावितों को संबल दे सकता है। बर्राढाना की इस घटना ने एक बार फिर यह दिखाया है कि आपदा के समय सामाजिक संगठनों की सक्रियता और सहयोग पीड़ितों के लिए राहत का महत्वपूर्ण माध्यम बनता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button