अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के तहत 50 दिवसीय काउंटडाउन शिविर शुरू।
जिले में 1016 लोगों ने लिया योग शिविर का लाभ । आयुष विभाग ने योग और आयुष पद्धतियों के प्रति किया जागरूक।

बैतूल। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयुष विभाग द्वारा जिले में 50 दिवसीय काउंटडाउन अभियान के तहत विभिन्न आयुष संस्थाओं में योग शिविरों का आयोजन किया गया। अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. वीरेंद्र सिंह शाक्य एवं सहायक नोडल डॉ. मुस्कान भावसार के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल के माध्यम से लोगों को योग और आयुष पद्धतियों के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योगाभ्यास के साथ आयुष उपचार पद्धतियों के लाभों की जानकारी प्राप्त की। आयुष विभाग के चिकित्सकों, योग प्रशिक्षकों और सहायकों ने प्रतिभागियों को नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. योगेश चौकीकर ने बताया कि ऐसे आयोजनों के जरिए आमजन में योग के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और लोग इसके माध्यम से रोगमुक्त जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं। इस अभियान में कुल 1016 लाभार्थियों ने सहभागिता की।
उन्होंने जानकारी दी कि अभियान के अगले चरण के तहत 25 दिवसीय काउंटडाउन शिविर 19 मई से जिले के गार्डन और प्रमुख चौराहों पर आयोजित किए जाएंगे। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी आयुष संस्थानों में पहुंचकर इस पहल का लाभ उठाएं।




