बैतूल में संत गुलाब बाबा पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के खिलाफ एफआईआर की मांग।
सोशल मीडिया और व्याख्यानों में दिए गए बयानों से श्रद्धालुओं में आक्रोश । थाना बैतूल बाजार में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सौंपा आवेदन।

बैतूल। सूरगांव स्थित संत गुलाब बाबा मण्डल के बैनर तले क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने थाना बैतूल बाजार में सामूहिक आवेदन देकर श्याम मानव नामक व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया, यूट्यूब वीडियो और सार्वजनिक व्याख्यानों के माध्यम से सिद्धेश्वर संत श्री गुलाब बाबा के खिलाफ लगातार आपत्तिजनक, भ्रामक और चरित्रहनन करने वाले बयान दिए जा रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया है।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि सार्वजनिक मंचों पर संत गुलाब बाबा पर चमत्कार के नाम पर लोगों को भ्रमित करने और महिलाओं के साथ अनुचित व्यवहार करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। वहीं उपलब्ध ट्रांसक्रिप्ट के आधार पर यह भी कहा गया है कि संत के संबंध में अत्यंत आपत्तिजनक और अश्लील भाषा का प्रयोग किया गया है, जिससे सामाजिक मर्यादा और नैतिकता का उल्लंघन हुआ है। नाशिक में दिए गए एक व्याख्यान का भी हवाला देते हुए आरोप लगाया गया कि वहां भी संत के चरित्र पर गंभीर टिप्पणी की गई।
श्रद्धालुओं ने अपने आवेदन में स्पष्ट किया है कि संत गुलाब बाबा का जीवन सादा, धार्मिक और समाजसेवा को समर्पित रहा है तथा ऐसे आरोप पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ उचित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली घटनाओं पर रोक लग सके।




