शासन के आदेश के बावजूद आमला नगर पालिका के कर्मचारियों को नहीं मिला एरियर्स।
भारतीय मजदूर संघ आमला ने नगर पालिका अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन।

बैतूल। आमला नगर पालिका में कर्मचारियों को समय पर वेतन और एरियर्स का भुगतान न होने का मामला सामने आया है। इस मामले में भारतीय मजदूर संघ के आमला इकाई अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने नगर पालिका परिषद आमला के अध्यक्ष को आवेदन देकर बताया कि कर्मचारियों को वेतन समय पर नहीं मिलने से उनके परिवार के पालन-पोषण में गंभीर आर्थिक संकट पैदा हो रहा है। संघ ने मांग की है कि हर माह 1 से 10 तारीख के बीच वेतन का नियमित भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि छठवें वेतनमान में वेतन प्राप्त कर रहे कर्मचारियों का एरियर्स लंबे समय से लंबित है, जिसका भुगतान अब तक नहीं किया गया है। जबकि मध्यप्रदेश शासन के वित्त विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार महंगाई भत्ते में लगातार वृद्धि की गई है। 1 जनवरी 2024 से महंगाई भत्ता 239 प्रतिशत, 1 जुलाई 2024 से 246 प्रतिशत और 1 जनवरी 2025 से 252 प्रतिशत किया जा चुका है।
इसके बावजूद कर्मचारियों को बढ़े हुए महंगाई भत्ते और एरियर्स का वास्तविक लाभ नहीं मिल पा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि शासन स्तर पर आदेश जारी होने के बाद भी स्थानीय स्तर पर अमल नहीं हो रहा, जिससे आर्थिक परेशानी लगातार बढ़ रही है।
मजदूर संघ ने इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी, अखिलभारतीय सहसंगठन मंत्री और भारतीय मजदूर संघ जिला मंत्री को भी अवगत कराया है। कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की है कि वेतन और लंबित एरियर्स का जल्द भुगतान कर समस्या का निराकरण किया जाए।




