केसिया पंचायत में घटिया सामग्री से बन रहा स्कूल भवन।
कॉलम में मानक के विपरीत केवल 4 रॉड लगाने का आरोप। ग्रामीणों ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग।

बैतूल। ग्राम पंचायत केसिया में खनिज मद से बन रही अतिरिक्त कक्षा का निर्माण कार्य भ्रष्टाचार और लापरवाही के आरोपों में घिर गया है। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल प्रांगण में बन रहा यह भवन गुणवत्ता मानकों को ताक पर रखकर तैयार किया जा रहा है, जिससे भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीण शिवपाल वट्टी ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में तय स्टीमेट का पालन नहीं किया जा रहा है। उनके अनुसार, जहां कॉलम में मजबूत ढांचे के लिए पर्याप्त सरिया लगना चाहिए, वहां केवल 10 एमएम की चार रॉड का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो भवन की मजबूती पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच द्वारा यह काम तारा क्षेत्र के किसी विनोद यादव को कमीशन के आधार पर दिया गया है। पैसे बचाने के चक्कर में निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है, जिससे बनने वाला भवन कमजोर हो सकता है।
चूंकि यह अतिरिक्त कक्षा स्कूल परिसर में बन रही है और इसमें बच्चों की पढ़ाई होनी है, ऐसे में घटिया निर्माण सीधे तौर पर छात्रों की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जांच और सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और सरकारी राशि का सही उपयोग हो।




