छात्रावासों में एससी-एसटी अधीक्षकों की ही नियुक्ति की जाए: अजाक्स। अन्य वर्ग के अधीक्षकों को हटाने की मांग।

बैतूल। मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति-जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ (अजाक्स) ने बुधवार को कलेक्टर बैतूल के नाम तहसीलदार के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर जिले के छात्रावासों और आश्रमों में नियमों के अनुसार एससी-एसटी वर्ग के अधीक्षकों की नियुक्ति की मांग की।
संघ ने बताया कि शासकीय नियमों के बावजूद बैतूल जिले के सभी दस विकासखंडों में संचालित अनुसूचित जाति और जनजाति छात्रावासों व आश्रमों में कई स्थानों पर अन्य वर्ग के अधीक्षक पदस्थ हैं, जो नियमों के विपरीत है। इस मुद्दे को जिले की पिछली दो परामर्शदात्री बैठकों में भी उठाया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
अजाक्स ने मांग की है कि ऐसे सभी अन्य वर्ग के अधीक्षकों को जल्द हटाकर उनकी जगह अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के योग्य शिक्षकों को अधीक्षक बनाया जाए, ताकि छात्रों को अपने ही वर्ग के अधीक्षकों की देखरेख में शिक्षा मिल सके।
ज्ञापन में ब्लॉक अध्यक्ष सुनील कुमार जोठे, तहसील अध्यक्ष शाहपुर स्नेहलता बारस्कर, जिला प्रतिनिधि धनराज परते और जिला अध्यक्ष दशरथ धुर्वे, हरिदास उइके, तुलसीराम उइके, आशा कावरे, राकेश इवने, दिनेश बारस्कर, मंजुला परते शामिल हैं।




