यादव समाज को शांति समिति बैठक में नहीं बुलाने पर नाराजगी।
90 गांवों के थाना क्षेत्र में प्रतिनिधित्व न मिलने से उठे सवाल।

बैतूल। बोरदेही थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में यादव समाज के किसी भी प्रतिनिधि को आमंत्रित नहीं किए जाने पर समाज के लोगों में नाराजगी उभरकर सामने आई है। किसान नेता दिनेश यदुवंशी ने कहा कि बोरदेही थाना क्षेत्र में लगभग 90 गांव आते हैं और इनमें से अधिकांश गांव यादव बाहुल्य हैं। समाज के कई लोग विभिन्न जिम्मेदार पदों पर भी पदस्थ हैं, इसके बावजूद बैठक की सूचना समाज को नहीं दी गई।
दिनेश यदुवंशी ने आरोप लगाया कि थाना क्षेत्र में दर्ज अधिकांश प्रकरण यादव समाज से जुड़े होते हैं, ऐसे में शांति समिति की बैठक में समाज की भागीदारी आवश्यक थी। उनका कहना है कि पुलिस द्वारा चुनिंदा लोगों को ही बुलाया जाता है और यादव समाज की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई बार समाज के लोगों पर झूठे मुकदमे दर्ज किए गए हैं और संभवतः इसी कारण जानबूझकर बैठक की सूचना नहीं दी गई, ताकि कोई प्रश्न न उठे।
श्री यादव ने बताया कि उन पर भी फर्जी मुकदमा बनाए जाने की चर्चा है और इसी कारण उन्हें बैठक में नहीं बुलाया गया, ताकि यादव समाज की ओर से सवाल खड़े न हों। मामले को लेकर समाज में रोष का माहौल है और जिम्मेदार पदाधिकारी आने वाले दिनों में इस विषय पर सामूहिक निर्णय ले सकते हैं।




