70 किलोमीटर पीछा कर मुलताई के समीप पकड़ी गई गोवंश से भरी पिकअप, 14 गोवंश सुरक्षित
श्री बजरंग सेना, राष्ट्रीय हिन्दू सेना और बजरंग दल मुलताई की सतर्कता से विफल हुई तस्करी

बैतूल। जिले में गोवंश तस्करी थमने का नाम नहीं ले रही है। जिले की महाराष्ट्र सीमा से नजदीकी के कारण यहां से आए दिन गोवंश तस्करी के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला बीती रात करीब 3 बजे का है, जब श्री बजरंग सेना छिंदवाड़ा के जिला अध्यक्ष आदर्श कुमार पांडे और उनकी टीम को सूचना मिली कि एक बोलेरो पिकअप वाहन में गोवंश भरकर महाराष्ट्र के कत्लखाने ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर छिंदवाड़ा जिले से मुलताई की ओर पिकअप वाहन का पीछा किया गया। गोवंश तस्करी की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय हिन्दू सेना के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय को तत्काल जानकारी दी गई। दीपक मालवीय ने बिना विलंब किए पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद श्री बजरंग सेना, राष्ट्रीय हिन्दू सेना, बजरंग दल मुलताई की टीम सहित मुलताई पुलिस के संयुक्त प्रयास से मुलताई के नजदीक गोवंश से भरी पिकअप वाहन को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
जिला मंत्री प्रदीप बुनकर ने बताया कि पकड़ी गई पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 04 वाईजे 3854 सफेद रंग की थी, जिसे पीले त्रिपाल से ढककर भीतर 14 नग गोवंश को क्रूरता पूर्वक रस्सियों से बांधकर एक के ऊपर एक ठूंस दिया गया था। गोवंश को भूखा-प्यासा रखकर महाराष्ट्र के कत्लखाने ले जाया जा रहा था। मौके पर पुलिस और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से वाहन को कब्जे में लिया।
जिला महामंत्री अतुल साहू ने बताया कि इस पिकअप वाहन का करीब 70 किलोमीटर तक पीछा किया गया, जो छिंदवाड़ा जिले के लावा घोघरी क्षेत्र से शुरू होकर मुलतापी के समीप जाकर समाप्त हुआ। अंधेरे का फायदा उठाकर गोवंश तस्करी कर रहे दो आरोपी मौके से फरार हो गए। पिकअप में भरे सभी गोवंश की गिनती संगठन और पुलिस की मौजूदगी में की गई और उन्हें सुरक्षित रूप से गौशाला पहुंचाया गया।
जिला कार्यालय मंत्री सचिन राजपूत ने बताया कि क्रूरता पूर्वक भरे जाने के कारण कुछ गोवंश घायल अवस्था में पाए गए हैं, जिनका पशु चिकित्सकों द्वारा उपचार कराया जा रहा है। इस पूरे मामले में मुलताई पुलिस द्वारा गोवंश तस्करी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है। कार्रवाई में राष्ट्रीय हिन्दू सेना के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय, बजरंग दल मुलताई की टीम, बजरंग सेना छिंदवाड़ा जिला अध्यक्ष आदर्श कुमार पांडे, राष्ट्रीय हिन्दू सेना जिला मंत्री प्रदीप बुनकर, जिला महामंत्री अतुल साहू, जिला कार्यालय मंत्री सचिन राजपूत, जिला संगठन मंत्री आयुष प्रजापति और नगर मंत्री सूर्य विश्वकर्मा, भूपेश साहू जिला सह संयोजक बजरंग दल, प्रखंड संयोजक दीपांशु साहू, प्रखंड मंत्री प्रवीण राउत, पंकज बिहारे आशीष ढारे, सुशील, चेतन चौपड़े की प्रमुख भूमिका रही।



