युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का कार्य करेगा हिंदू सम्मेलन: रूपलाल महाराज
स्वयं अब जागकर हमको जगाना देश है अपना: कैलाश आजाद

हिंदू सम्मेलन के भव्य आयोजन हेतु सावंगी में भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न
आठनेर। आठनेर ग्रामीण मंडल के अंतर्गत ग्राम सावंगी में 28 दिसंबर दिन रविवार को आयोजित होने वाले विराट हिंदू सम्मेलन के भव्य आयोजन की तैयारियों के अंतर्गत शुभ मुहूर्त में भूमि पूजन कार्यक्रम सावंगी में हनुमान मंदिर चौक पर श्रद्धा,उत्साह एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ।
प्रसिद्ध कथावाचक एवं भागवताचार्य रूपलाल महाराज द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कार्यक्रम किया गया। हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति द्वारा सम्मेलन की सफलता,समाज की एकता एवं राष्ट्र कल्याण की सामूहिक कामना की गई। भूमि पूजन के अवसर पर भगवताचार्य रूपलाल महाराज ने कहा कि हिंदू सम्मेलन के माध्यम से धर्म, संस्कृति, राष्ट्रवाद, सामाजिक समरसता एवं युवाओं में संस्कारों का जागरण होगा। हिंदू सम्मेलन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने एवं भावी पीढ़ी को संस्कृति के प्रति जागरूक करने का सशक्त माध्यम बनेगा। हम सभी को जात-पात की दीवारों को तोड़कर इस कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाना है। समाजसेवी कैलाश आजाद ने कार्यक्रम में आसपास के सभी ग्रामों से बड़ी संख्या में ग्रामवासियों को सम्मेलन में आने का आमंत्रण देते एवं आह्वान करते हुए कहा कि सनातन संस्कृति की रक्षा एवं दृढ़ीकरण हेतु युवाओं को आगे आना होगा। हिंदुओं को अपने समाज,अपने धर्म अपनी संस्कृति के संरक्षण एवं सशक्तिकरण हेतु जागना होगा और हमें स्वयं जागकर दूसरों को भी जगाने का कार्य करना है। यदि हम आज भी नहीं जागे तो आने वाली पीढ़ियां हम को कोसेंगी। भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य रूप से गणपतराव बोहरपी, रघुनाथ दवडे,दशरथ कोरसने, बेनी राने,संतोष लिखितकर, चिंधुजी चदोकर धनराज वागद्रे, संजय वागद्रे, मारोतीराव वाडेकर, माधवराव सातपुते, दिनेश माकोड़े सहित बड़ी संख्या में हिंदू समाज के सभी ग्रामवासी उपस्थित रहे।
सभी सनातन धर्मप्रेमियों ने एक स्वर में हिंदू समाज की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं एवं एकता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले इस सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों का आभार प्रदर्शन आठनेर ग्रामीण मंडल प्रभारी आशुतोष सिंह चौहान ने व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने की सभी लोगों से अपील की। इस अवसर पर प्रचार रथ का भी विधिवत पूजन अर्चन कर उसे आसपास के ग्रामों में प्रचार प्रसार करने हेतु रवाना किया गया।





