The path to becoming a solar vendor in Betul has become easier: बैतूल में सोलर वेंडर बनने की राह हुई आसान
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में शुरू हुई 9 दिवसीय निशुल्क ट्रेनिंग

बैतूल। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में सोलर वेंडरों को तैयार करने के लिए 9 दिवसीय नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। इस कार्यक्रम का आयोजन निसबड संस्था (राष्ट्रीय उद्यमिता एवं लघु व्यवसाय विकास संस्थान) नई दिल्ली द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम में संस्था की मध्यप्रदेश हेड दिव्या अग्रवाल, कॉलेज के टी. पी. ओ पंथी सर, आशीष भदोरिया, शिवा राय और धर्मेंद्र सिंह परिहार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उद्घाटन अवसर पर अतिथियों द्वारा सरस्वती पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
निसबड संस्था की मध्यप्रदेश प्रमुख दिव्या अग्रवाल ने जानकारी दी कि यह प्रशिक्षण पीएम सूर्य ग्रह रूफटॉप योजना के तहत आयोजित किया जा रहा है। यह योजना मिनिस्ट्री ऑफ न्यू एंड रिन्यूएबल एनर्जी और कौशल एवं उद्यमिता मंत्रालय के अंतर्गत संचालित हो रही है। निसबड संस्था दोनों मंत्रालयों के सहयोग से यह ट्रेनिंग चला रही है। इस ट्रेनिंग को निलेश गिरी गोस्वामी, धर्मराज कर बास्कर और रुपेश पवार के द्वारा संचालित किया जा रहा है।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को सोलर वेंडर बनाना है, ताकि वे आम लोगों के घरों में रूफटॉप सोलर पैनल लगाने में मदद कर सकें। सोलर पैनल लगाने पर केंद्र और राज्य सरकार दोनों ही रियायत देती हैं, लेकिन यह सब्सिडी केवल अधिकृत और मान्यता प्राप्त वेंडर के माध्यम से ही दी जाती है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद सभी प्रतिभागियों को सरकारी मान्यता प्राप्त प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा, जिससे वे कानूनी रूप से सोलर वेंडर बन सकें और सरकारी पोर्टल पर पंजीकृत हो सकें। इस कार्यशाला में जिले के लगभग 60 प्रतिभागी शामिल हुए हैं। सभी प्रतिभागी इस प्रशिक्षण के माध्यम से तकनीकी ज्ञान प्राप्त कर रहे हैं, और स्वयं का व्यवसाय शुरू करने की दिशा में भी अग्रसर हो रहे हैं। यह कार्यक्रम बैतूल जिले में सौर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।




