युवा नेता हर्ष भुसारी की राजनीति को मिला पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह का आशीर्वाद
सोशल मीडिया पर छाई पोस्ट, दिग्विजय सिंह ने कहा- विचारों का स्वागत है

बैतूल। राजनीति के मौजूदा दौर में जहां कटाक्ष, आरोप-प्रत्यारोप और व्यक्तिगत टिप्पणियों का बोलबाला है, वहीं कुछ युवा नेता ऐसे भी हैं जो सिद्धांत, विचारधारा और शालीनता की राजनीति को आगे बढ़ा रहे हैं, लोगों के बीच उसका सम्मान भी स्थापित कर रहे हैं। एनएसयूआई से जुड़े और मध्यप्रदेश के सक्रिय युवा नेता हर्ष भुसारी इन्हीं गिने-चुने चेहरों में से एक हैं, जिन्होंने अपने स्पष्ट विचारों, जनहित के मुद्दों पर मुखरता और ईमानदार राजनीतिक दृष्टिकोण से युवाओं के साथ वरिष्ठ नेताओं का भी ध्यान खींचा है।
हाल ही में हर्ष भुसारी ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को लेकर अपने फेसबुक पेज पर एक भावनात्मक पोस्ट साझा की। इस पोस्ट में हर्ष भुसारी ने दिग्विजय सिंह की सार्वजनिक जीवन में बेदाग छवि, गांधीवादी सोच, और ईमानदार राजनीतिक यात्रा की सराहना करते हुए उन्हें एक प्रेरणा बताया। हर्ष की यह पोस्ट फेसबुक पर वायरल हुई और खुद दिग्विजय सिंह ने इसे अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से साझा किया और हर्ष भुसारी को इसके लिए धन्यवाद भी दिया।
दिग्विजय सिंह जैसे वरिष्ठ और अनुभवी नेता द्वारा एक युवा की पोस्ट को साझा करना सिद्धांतों को समर्थन देने का संकेत था जो आज की राजनीति में कहीं गुम होते जा रहे हैं। विचारधारा आधारित राजनीति, जनहित की मुखरता और संवाद की गरिमा को जब एक वरिष्ठ नेता द्वारा मान्यता मिलती है, तो वह युवाओं को राजनीति की नई दिशा देता है।।यह पहला अवसर नहीं है जब दिग्विजय सिंह ने हर्ष भुसारी की बातों को सार्वजनिक रूप से समर्थन दिया हो। इससे पहले भी वे कई बार हर्ष के ट्वीट्स और जनहित के मुद्दों पर प्रतिक्रिया दे चुके हैं।
चिचोली और भीमपुर की जनपद पंचायतों में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत करीब 13 करोड़ रुपये के घोटाले को लेकर हर्ष भुसारी ने एक ट्वीट किया था। इस ट्वीट में उन्होंने घोटाले से संबंधित दस्तावेजों और विवरणों के साथ भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया था। इस ट्वीट को दिग्विजय सिंह ने रीट्वीट करते हुए मामले की गंभीरता को रेखांकित किया था।
इसी तरह एक अन्य ट्वीट में हर्ष भुसारी ने सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत जानकारी देने में हो रही टालमटोल पर सवाल उठाए थे। उन्होंने बताया कि किस तरह से प्रशासन आरटीआई के जवाब देने से बचता है और पारदर्शिता पर सवाल उठाता है। इस ट्वीट को भी दिग्विजय सिंह ने रीट्वीट कर युवाओं की सजगता और जनहित के सवालों को सराहा।
जब इस समर्थन के बारे में हर्ष भुसारी से पूछा गया, तो उन्होंने कहा मेरी हमेशा कोशिश रही है कि राजनीति में मुद्दों, सिद्धांतों और सार्वजनिक हितों पर संवाद हो। जब हमारे विचारों को दिग्विजय सिंह जी जैसे अनुभवी नेता मान्यता देते हैं, तो यह मेरे जैसे युवाओं के लिए मार्गदर्शन और प्रेरणा का स्रोत बनता है।





