family get-together: आदिवासी समाज खेड़ला किले में मनाएगा पारिवारिक मिलन समारोह, संस्कृति और एकता का होगा प्रदर्शन
5 जनवरी को रंगोली और सांस्कृतिक कार्यक्रम, 12 जनवरी को राज्य स्तरीय परिचय सम्मेलन का आयोजन

बैतूल। समस्त आदिवासी समाज संगठन के तत्वावधान में पड़ापेन ठाना सदर में रविवार 29 दिसंबर को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता आकास संगठन के जिला अध्यक्ष शंकर सिंह आहके ने की। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि नूतन वर्ष 2025 के आगमन पर प्रतिवर्षानुसार आगामी वर्ष के जनवरी माह के प्रथम रविवार, 5 जनवरी को आदिवासी समाज द्वारा गोंडवाना साम्राज्य के राजा इल कुमरे की पावन भूमि खेड़ला किला में आदिवासी पारिवारिक मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में समाज के सदस्य पारिवारिक परिचय देंगे और भविष्य की योजनाओं पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर रंगोली और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन भी होगा। बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जो समाज की परंपराओं और संस्कृति को उजागर करेंगे। आदिवासी समाज के भगत भुमकाओं के द्वारा खेड़ला किला में सतरंगी ध्वज फहराया जाएगा। इसके साथ ही पड़ापेन सुमरनी और गोंगो का भी आयोजन होगा।
कार्यक्रम में आने वाले सभी सगाजनों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। समस्त आदिवासी समाज संगठन ने समाज के सभी सदस्यों से अपील की है कि वे अपने परिवार के साथ खेड़ला किला पहुंचें और सामूहिक एकता का परिचय दें। इसके अतिरिक्त, समाज द्वारा 12 जनवरी को विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए राज्य स्तरीय आदिवासी युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। विवाह योग्य युवक-युवतियों से आग्रह किया गया है कि वे इस परिचय सम्मेलन में भाग लेने के लिए अधिक से अधिक संख्या में बायोडाटा के साथ पंजीयन करवाएं। बैठक में समस्त आदिवासी समाज संगठन के जिला अध्यक्ष सुंदरलाल उइके, जिला पंचायत सदस्य संदीप कुमार धुर्वे, सामाजिक नेता राजेश कुमार धुर्वे, युवा जिला अध्यक्ष जितेंद्र सिंह इवने, योगेश धुर्वे, रामदास उइके, कानूलाल उइके, अंकित कुमरे, राजकुमार उइके, राजकुमार काकोडिया, प्रियंका सिरसाम सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।




