Public welfare campaign will run till 26 January: जिला पंचायत सदस्य उर्मिला गव्हाड़े ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री जन कल्याण अभियान में 105 आवेदन आए, 10 समस्याओं का मौके पर हुआ निराकरण

बैतूल। जनपद पंचायत प्रभात पट्टन के अंतर्गत आने वाले ग्राम दतोरा में सोमवार, 23 दिसंबर को मुख्यमंत्री जन कल्याण अभियान एवं जन कल्याण पर्व का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य उर्मिला गव्हाड़े ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और मौके पर मौजूद अधिकारियों को समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान उर्मिला गव्हाड़े ने बताया कि मुख्यमंत्री जन कल्याण अभियान और जन कल्याण पर्व 11 दिसंबर 2024 से 26 जनवरी 2025 तक चलेगा। इस अवधि में किसानों के राजस्व रिकॉर्ड दुरुस्त किए जाएंगे और आयुष्मान भारत कार्ड का वितरण किया जाएगा।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत दतोरा की सरपंच उर्मिला सरियाम, समाजसेवी रमेश गव्हाड़े, विभिन्न विभागों के अधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। शिविर में कुल 105 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 10 समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। हितग्राहियों को जिला पंचायत सदस्य ने प्रमाण पत्र वितरित किए। ग्रामीणों ने इस अभियान की सराहना की। जिला पंचायत सदस्य ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।




