Narayan Rao Adlak became the provincial treasurer: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ का प्रांतीय सम्मेलन बीना में संपन्न

नारायण राव अडलक बने प्रांतीय कोषाध्यक्ष, बैतूल का बढ़ाया गौरव

बैतूल। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर बीना में अनुदान प्राप्त शालाओं का प्रांतीय सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश भर से सेवानिवृत्त और कार्यरत शिक्षक एवं कर्मचारी शामिल हुए। बैतूल जिले से बड़ी संख्या में शिक्षकों ने सम्मेलन में भाग लिया। प्रांतीय कार्यकारिणी में बैतूल जिले से नारायण राव अडलक को सर्वसम्मति से प्रांतीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। अब वे प्रांतीय बैठकों में जिले के समस्त शिक्षकों और कर्मचारियों की समस्याएं प्रमुखता से रखेंगे।

सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष एल. बी. सेठ ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने संघ की स्थापना से लेकर अब तक शिक्षकों के हित में किए गए कार्यों का विस्तार से उल्लेख किया। प्रांतीय महामंत्री अरुण गुबरेले ने अपने संबोधन में न्यायालय में चल रहे प्रकरणों और शासन स्तर पर हो रही वर्तमान कार्रवाइयों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उच्च न्यायालय में पेंशन, ग्रेच्युटी, सातवां वेतनमान और शासकीय शालाओं में संविलियन से संबंधित प्रकरण विचाराधीन हैं।

प्रांतीय कोषाध्यक्ष नारायण राव अडलक ने वर्ष 2023-24 की ऑडिट रिपोर्ट और 2024-25 का अनुमानित बजट प्रस्तुत किया, जिसे सदन में उपस्थित सदस्यों द्वारा अनुमोदित किया गया। प्रांतीय महामंत्री पद पर 118 मतों से निर्वाचित हुए अरुण गुबरेले को शुभकामनाएं देते हुए बैतूल जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि संघ के अथक प्रयासों और परिश्रम का ही परिणाम है कि अनुदान प्राप्त शालाओं के शिक्षक कर्मचारियों को अब सरकारी सेवकों के समान वेतन और लाभ मिल रहे हैं।

प्रांतीय उपाध्यक्ष बी. आर. पवार ने अपने संबोधन में बताया कि संघ ने 18 वर्षों तक अनुदान प्राप्त शालाओं के शिक्षक कर्मचारियों के लिए लंबी लड़ाई लड़ी है। अनेक उतार-चढ़ाव के बाद न्यायालय से विजय प्राप्त हुई।

सम्मेलन में बैतूल जिले से श्रीमती दत्ता, बी. आर. पवार, नारायण राव अडलक, संदीप कौशिक, के. एन. अमरुते, जी. एस. वर्मा, के. धाकड़े, हबीबुद्दीन कादरी, सगीर अंसारी, एस. आर. भोरसे, जी. एस. साहू, विजय सावले और रामचंद्र रावत उपस्थित रहे। बैतूल जिले की सभी अनुदान प्राप्त शालाओं के शिक्षक कर्मचारियों ने सम्मेलन की बेहतरीन व्यवस्था के लिए आयोजक जिला इकाई सागर, बीना और खुरई के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button