Crime News : झूठी गवाही देकर दूसरों को बता दिया हत्यारा, पुलिस ने दोबारा जांच कर दो भाईयों को किया गिरफ्तार
खेत में लगाए करंट से हुई थी युवक की मौत, पुलिस ने झूठी गवाही पर गांव के दूसरे तीन युवकाें को बनाया था हत्या का आरोपित

Crime News : बैतूल। जिले के माेहदा थाना क्षेत्र में पिछले दिनों ताप्ती नदी में ग्राम पालंगा निवासी अमित इवने की लाश पड़ी मिली थी। विवेचना के दौरान गांव के कमल पिता चुन्नी इवने और रमेश पिता चुन्नी इवने ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अमित की हत्या करते हुए गांव के ही रोहित सलामे, अमर मर्सकोले और युवराज मर्सकोले को देखा था। हत्या करने के बाद तीनों ने शव को ताप्ती नदी में फेंक दिया था। पुलिस ने झूठी गवाही के आधार पर तीनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया था।
इस खुलासे के बाद पुलिस को संदेह होने पर दोबारा जांच की गई तो हत्या करने की गवाही देने वाले दोनों भाई ही हत्यारे निकले। पूछताछ करने पर ग्राम पालंगा निवासी रमेश पिता चुन्नी इवने एवं कमल पिता चुन्नी इवने ने पुलिस को बताया कि खेत की फसल को जानवरों से बचाने के लिए चारों ओर बिजली के नंगे तार लगाए थे। जिसकी चपेट में आने से अमित पिता अनिल इवने की मृत्यु हो गई। उन्होंने बचने के लिए अमित के शव को खेत के पास की नदी में फेंक दिया जो बहकर ताप्ती नदी में चली गई थी।
दोनों ने अपना अपराध छिपाने के लिए रोहित, अमर और युवराज के द्वारा हत्या करने की गवाही दे दी थी। पुलिस ने प्रकरण में धारा इजाफा कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पूर्व में हत्या के आरोपित बनाए गए रोहित, अमर एवं युवराज के विरुद्ध हत्या की धारा को खारिज कराने हेतु प्रतिवेदन वरिष्ठ कार्यालय भेजा गया।




