Betul news: प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण रोका, जनसुनवाई में शिकायत
जमीन पर हक को लेकर विवाद, महिला ने कलेक्टर से मांगी मदद

बैतूल। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पास हुए मकान निर्माण रोकने पर 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने जनसुनवाई में पहुंचकर शिकायत की। ग्राम महारपानी, तहसील भीमपुर निवासी महिला फुलकाय घाडसे और उनके पुत्र पूरन धाडसे ने जनसुनवाई में पहुंचकर आरोप लगाया है कि उनके प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पास हुए मकान निर्माण को अनावेदक गण कालू लोखण्डे, राजेश लोखण्डे और कमलेश लोखण्डे द्वारा बाधित किया जा रहा है।

फुलकाय घाडसे का कहना है कि वह पिछले 40 वर्षों से अपने आवासीय प्लॉट पर रह रही हैं, लेकिन अब जब उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनवाना शुरू किया, तो उनके सगे भाइयों ने निर्माण में रोड़े अटकाने शुरू कर दिए हैं। फुलकाय घाडसे और उनके बेटे पूरन घाडसे ने आरोप लगाया कि अनावेदक उनके साथ मारपीट भी कर रहे हैं। फुलकाय ने बताया कि उनके पिता सददू लोखण्डे ने उन्हें रहने के लिए यह जमीन दी थी, लेकिन अब उनके भाई इस पर उनका हक नहीं मान रहे हैं। फुलकाय ने कलेक्टर से अपील की है कि उन्हें उनकी जमीन और मकान पर हक दिलाया जाए और अनावेदक पर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें बिना किसी रुकावट के मकान बनाने का अवसर मिल सके। उन्होंने जनसुनवाई में यह भी बताया कि जब उन्होंने मकान निर्माण के लिए सामग्री मंगवाई, तो अनावेदकों ने ट्रैक्टर को रोक दिया और धमकी दी कि वे मकान नहीं बनने देंगे।




