“एक शाम मो. रफ़ी के नाम”: पुण्यतिथि पर विशेष संगीतमय श्रद्धांजलि
44वीं पुण्यतिथि पर गूंजेंगे मो. रफ़ी के अमर गीत, वीवीएम कॉलेज में होगा आयोजन

बैतूल। सदी के महान गायक मोहम्मद रफ़ी साहब की 44वीं पुण्यतिथि के अवसर पर इस वर्ष भी संगीतमय कार्यक्रम “एक शाम मो. रफ़ी के नाम” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 31 जुलाई, बुधवार को शाम 7 बजे विवेकानंद विज्ञान महाविद्यालय, सदर बैतूल में आयोजित होगा।
कार्यक्रम के आयोजक एन डी देशमुख, अशोक टेकाम, धीरज बोथरा, संतोष करोले और भीम धोटे ने बताया कि पिछले 5 सालों से मो. रफ़ी साहब की पुण्यतिथि पर संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन कर उन्हें गीतों के माध्यम से श्रद्धांजलि दी जाती है। इस वर्ष भी, संगीत प्रेमियों के लिए यह एक खास शाम होगी, जिसमें वे मो. रफ़ी के अमर गीतों के जरिए उन्हें याद करेंगे।
इस कार्यक्रम में मुकेश झारे, नित्यानंद विश्वास, अशोक झा, प्रवीण देशपांडे, योगू शर्मा और बी सी पांडे सहित कई गायक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से रफ़ी साहब को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। शहर के सभी संगीत प्रेमियों से इस कार्यक्रम में शामिल होने का अनुरोध किया गया है, ताकि वे भी इस संगीतमय श्रद्धांजलि में शामिल होकर महान गायक को याद कर सकें।




