Allegations of bribery and assault: आदिवासी महिला ने शराब के ठेकेदार और पुलिस के खिलाफ लगाया रिश्वतखोरी और मारपीट का आरोप
जनसुनवाई में प्रस्तुत किया गंभीर मामला, प्रशासन से न्याय की गुहार

बैतूल। मरामझिरी की एक आदिवासी महिला ने शराब के ठेकेदार और पुलिस की मिलीभगत से मारपीट और अवैध धन उगाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। जनसुनवाई में दर्ज शिकायत में सविता धुर्वे ने बताया कि उनके पति रामचरण धुर्वे को जबरन गाड़ी में बिठाकर मारपीट की गई और 30 हजार रुपये की मांग की गई।
सविता धुर्वे के अनुसार, उनके पति रामचरण धुर्वे 27 मई 2024 को अपनी भांजी पुष्पा की शादी के लिए एक शराब की पेटी खरीदकर मरामझिरी गांव लौट रहे थे। चक्का रोड पर स्थित कोठीबाजार शराब दुकान के कर्मचारियों ने एक बोलेरो वाहन में आकर रामचरण को रोका और जबरन गाड़ी में बैठाकर गंदी-गंदी गालियां दीं। इसके बाद उन्होंने रामचरण को मारा पीटा और चार पेटी शराब बोलेरो गाड़ी में रख ली। सविता ने आगे बताया कि ठेकेदार के कर्मचारियों ने कोतवाली थाना के बुंदेला साहब को फोन कर बुलाया और उनके पति के खिलाफ केस दर्ज करने की धमकी दी। इसके बाद सविता को एक अज्ञात नंबर से फोन आया और उन्हें बताया गया कि उनके पति को कोतवाली थाना में रखा गया है और 30 हजार रुपये लाने पर ही उन्हें छोड़ा जाएगा। सविता ने बताया कि वे एक मजदूर हैं और उनकी मजदूरी से ही घर चलता है। उन्होंने अपने गहनों को आकाश ज्वेलर्स की दुकान पर गिरवी रखकर 30 हजार रुपये की व्यवस्था की और बुंदेला साहब के कहने पर वह पैसे संबंधित व्यक्ति को दिए। इसके बाद ही उनके पति को छोड़ा गया। सविता धुर्वे ने जनसुनवाई में अपनी शिकायत दर्ज कराते हुए प्रशासन से न्याय की मांग की है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




